सैम पित्रोदा बोले- मेरी टिप्पणी पर प्रधानमंत्री और उनके मंत्रियों ने बोला झूठ

Summary :

सैम पित्रोदा ने आरोप लगाया कि उनकी टिप्पणी पर PM और उनके मंत्रियों ने झूठ बोला। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया के जरिये झूठ-गलत सूचनाएं फैलाई जा रही हैं।

बालाकोट में वायुसेना की कार्रवाई से जुड़े अपने एक बयान को लेकर खड़े हुए विवाद के बाद इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने शनिवार को आरोप लगाया कि उनकी टिप्पणी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके मंत्रियों ने झूठ बोला। उन्होंने यह भी दावा किया कि सोशल मीडिया के जरिये झूठ और गलत सूचनाएं फैलाई जा रही हैं।

सैम पित्रोदा ने ट्वीट कर कहा, ”मैं हैरान हूं कि मेरे एक साक्षात्कार को लेकर इस तरह प्रतिक्रिया, चर्चा और संवाद देखने को मिला। यहां तक कि भारत के प्रधानमंत्री और उनके कुछ मंत्रियों ने भी ट्वीट कर दिए। उन्होंने जो कहा है, वह झूठ है।”

उन्होंने खुद के महात्मा गांधी के दर्शन में विश्वास रखने वाला होने का हवाला दिया और कहा, ”हमेशा सच की जीत होती है। आप कुछ देर के लिए कुछ लोगों को बेवकूफ बना सकते हैं, लेकिन हमेशा सभी लोगों को बेवकूफ नहीं बना सकते।”

खबरों के मुताबिक पित्रोदा ने बालाकोट में वायुसेना की कार्रवाई को लेकर शुक्रवार को एक साक्षात्कार में कहा था कि क्या हमने सच में हमला किया था? क्या सच में 300 आतंकी मारे गए थे? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पर निशाना साधते हुए कहा कि सुरक्षाबलों को नीचा दिखाना विपक्ष की आदत है।

पित्रोदा के बयान पर पीएम का पलटवार, कहा- विपक्ष सुरक्षाबलों का बार-बार अपमान करता है

विवाद खड़ा होने के बाद सैम पित्रोदा ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने एक नागरिक की हैसियत से सवाल किया था। उन्होंने कहा, ”मैंने सिर्फ एक नागरिक के रूप में कहा कि मैं यह जानने का हकदार हूं कि क्या हुआ। मैं पार्टी की तरफ से नहीं, सिर्फ एक नागरिक के रूप में बोल रहा हूं। मुझे यह जानने का अधिकार है कि इसमें क्या गलत है?”

Desk Team