ISIS में शामिल शारदा यूनिवर्सिटी के छात्र से परिवार ने की लौटने की अपील

Summary :

सोशल मीडिया पर तुम्हें आईएस के प्रति निष्ठा जताते हुए देखने से मैं काफी विचलित हो गया। तुम्हारी बीमार मां तुम्हारे बिना नहीं रह सकती।’

उत्तर प्रदेश स्थित ग्रेटर नोएडा में शारदा यूनिवर्सिटी में मारपीट के बाद गायब हुआ कश्मीरी छात्र एहतेशाम बिलाल सोफी के आतंकी बनने के बाद से परिवार सदमे में है। एहतेशाम बिलाल के परिजनों ने शनिवार को उससे घर लौट आने और हिंसा छोड़ने की अपील की। एहतेशाम बिलाल के पिता बिलाल अहमद सोफी और मां का एक वीडियो वायरल हुआ है।

वायरल वीडियो में पिता ने कहा है कि वह घर का इकलौता पुरुष सदस्य है। उन्होंने आतंकियों से रहम करते हुए उसे रिहा करने की अपील की है। साथ ही कहा है कि बिलाल के लिए परिवार ही स्वर्ग है। वह 12 सदस्यों वाले परिवार की आस है। क्या तुम भूल गए हो कि बीते दो साल में इस मकान ने चार लोगों की मौत को देखा है। उसकी मां ने आतंकी जाकिर मूसा के नाम जारी वीडियो में घर वापसी की अपील करते हुए कहा है कि वह पति के बाद इकलौता देखभाल करने वाला है। उसके बिना वह नहीं रह सकती है।

पिता अहमद ने कहा, ‘इस्लाम किसी को भी अपने माता-पिता की आज्ञा का निरादर करने की इजाजत नहीं देता है। मैं तुमसे घर लौटने का आदेश देता हूं और अपील करता हूं। सोशल मीडिया पर तुम्हें आईएस के प्रति निष्ठा जताते हुए देखने से मैं काफी विचलित हो गया। तुम्हारी बीमार मां तुम्हारे बिना नहीं रह सकती।’ एहतेशाम की बहन सादिका ने अपने भाई को एक संदेश में कहा, ‘मैं तुम्हारे बिना नहीं रह सकती।

अल्लाह के लिए वापस आ जाओ।’ शुक्रवार को सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों में एहतेशाम बिलाल सोफी काले कपड़ों में दिख रहा है और उनमें दावा किया गया कि वह आतंकवादी संगठन आईएसआईएस (ISIS) के विचार से प्रभावित आतंकी समूह आईएसजेके में शामिल हो गया है। इस पूरे मामले में वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। तमाम बिंदुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीर की सत्यता का पता लगाया जा रहा है।

Desk Team