राज्यसभा के उपसभापति पद के लिये राजग के उम्मीदवार जदयू के हरिवंश को शिवसेना का समर्थन मिल गया है। उच्च सदन में शिवसेना के सदस्य अनिल देसाई ने आज कहा ‘‘हम राजग उम्मीदवार का समर्थन करेंगे।’’ हरिवंश को राजग की ओर से उपसभापति पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा से नाराज चल रही शिवसेना के सदस्य हाल ही में मोदी सरकार के खिलाफ लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव के दौरान अनुपस्थित रहे थे। उच्च सदन में शिवसेना तीन सदस्य हैं। इससे पहले पार्टी सांसद संजय राउत ने भी कल उपसभापति चुनाव में राजग उम्मीदवार को समर्थन देने की पुष्टि की थी।
शिवसेना ने साधा फडणवीस पर निशाना, कहा – मराठा आरक्षण पर फैसले के लिए पंकजा मुंडे को बनाया जाना चाहिए CM
बता दें कि हरिवंश इससे पहले हिंदी अखबार प्रभात खबर के संपादक रह चुके हैं। अप्रैल, 2014 में राज्यसभा के लिए बिहार से चुने गए थे। उनका कार्यकाल अप्रैल, 2020 में पूरा होगा। हरिवंश का जन्म उत्तर प्रदेश के बलिया में 30 जून, 1956 को हुआ था। वह बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और झारखंड की राजधानी रांची में आवास है।
राज्यसभा के नए उपसभापति का चुनाव 9 अगस्त को होगा। संसद का मॉनसून सत्र 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। राज्यसभा के सभापति एम.वेकैंया नायडू ने सोमवार को शून्य काल के दौरान चुनाव के विवरण की घोषणा की। उन्होंने कहा, “सदस्य 8 अगस्त दोपहर 12 बजे तक अपना नोटिस ऑफ मोशन दे सकते हैं।