केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को सोमवार की रात अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि प्रसाद रात के तकरीबन आठ बजे अस्पताल पहुंचे। सूत्रों ने बताया कि विधि एवं न्याय मंत्री को पल्मोनरी (फेफड़े से संबंधित समस्या) मेडिसिन विभाग में भर्ती कराया गया है। एक सूत्र ने बताया, ‘‘वह निगरानी में हैं।’’ भारत सरकार में कानून एवं न्याय मंत्री के साथ ही संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री हैं। बीजेपी नेता प्रसाद बिहार से राज्य सभा के सदस्य हैं।
रविशंकर प्रसाद सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और उन्होंने राष्ट्रीय महासचिव, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभाग के प्रमुख सहित राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के अत्यंत महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियों को निभाया है।
कैबिनेट मंत्री के रूप में वे सरकार के प्रवक्ता भी हैं। उन्होंने कई देशों की यात्रा की और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों एवं संयुक्त राष्ट्र में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।