चक्रवात तूफान फानी ओडिशा-आंध्र प्रदेश जैसे तटवर्ती इलाकों के अलावा उत्तर प्रदेश को भी प्रभावित कर सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इस चक्रवात की वजह से आगामी 2 व 3 मई को उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने और तेज यानि 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज पुरवा हवा चलने के आसार हैं। वहीं आईएमडी ओडिशा के लिए ‘येलो अलर्ट ‘ जारी कर चूका है।
भारी बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसल को नुकसान हो सकता है।दूसरी ओर फानी के मंगलवार की आधी रात तक ‘बेहद तीव्र’ होने की आशंका है, जिस कारण ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में गुरुवार तक भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से किसानों को सलाह दी गई है कि किसान नमी और तेज हवा से फसल को होने वाले नुकसान से बचाने के लिए कटी फसल, खुले में रखे अनाज और खेतों में तैयार खड़ी फसल को काटकर सुरक्षित रखने की व्यवस्था कर लें।
फानी तूफान फिलहाल दक्षिण-पश्चिम में और बंगाल की खाड़ी से सटे दक्षिण-पश्चिम में है। मंगलवार शाम से लगभग 21 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात फानी प्रचंड तूफान में बदल गया है और इसके गुरुवार दोपहर (2 मई) तक यह गोपालपुर और चांदबाली के बीच ओडिशा तट को पार करेगा।
मौसम विभाग ने ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्से के लिए चक्रवात फानी को लेकर अलर्ट जारी कर दिया और तटीय इलाके को खाली करने का सुझाव दिया है। जारी चेतावनी में कहा गया है कि चक्रवात से घरों, संचार और बिजली नेटवर्क और रेल और सड़क मार्गों को नुकसान होने की संभावना है।
साथ ही खड़ी फसलों, बागवानी और नारियल तथा ताड़ के पेड़ों को भी काफी नुकसान होगा। साथ ही जहाजों और बड़ी नौकाओं के लंगर भी टूट सकते हैं। आईएमडी ने मछुआरों को बंगाल की खाड़ी और हिंद महासागर के गहरे समुद्री क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी है। इन इलाकों में ऐतिहातन स्कूलों में छुट्टी कर दी गई हैं।
चक्रवाती तूफान ‘फानी’ ओडिशा में ले सकता है विकराल रूप, अलर्ट पर नौसेना
फानी ओडिशा के तटीय इलाकों के लिए एक बड़ा खतरा बनकर उभर रहा है। इसके चलते ओडिशा सरकार ने 4 तटीय जिलों में सभी अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, फैनी चक्रवाती तूफान के आने वाले दिनों में बहुत ज्यादा तीव्र होने की आशंका है। वहीं गुरुवार को ओडिशा और आंध्र प्रदेश में इसके चलते भारी बारिश होने की आशंका जाहिर की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में मौजूद यह चक्रवात लगातार ताकतवर होता जा रहा है। सेटेलाइट से मिली तस्वीरों और रडार से मिली सूचना के आधार पर यह तय माना जा रहा है, चक्रवाती तूफान फोनी 4 मई की सुबह पूरी के आसपास लैंडफॉल करेगा। जब यह तूफान ओ़डिशा मैं पुरी के तट से टकरा रहा होगा, यह अति भीषण चक्रवाती तूफान होगा।