उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने आज यहां कहा कि राम मंदिर का निर्माण न्यायालय कराएगी,इसमें सरकार कुछ नहीं कर सकती है।
उन्होंने कहा कि सभी चाहते हैं कि राम मंदिर का निर्माण हो, लेकिन यह मामला न्यायालय में है और न्यायालय ही इसका फैसला करेगी।
उत्तर प्रदेश के बलिया में परिवहन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने सूर्य नमस्कार व योग को दुनिया के पटल पर पहुंचाया है। पत्रकारों के सवाल पर कि प्रवीण तोगड़या कहते हैं कि भाजपा का नेतृत्व करने वाले छद्म हिंदू हैं के जवाब में स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि राष्ट्रवाद की चिंता कौन करता है यह किसी से छिपा नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं जो बांग्लादेश जाकर ढाकेश्वरी देवी का दर्शन करते हैं। नेपाल में जाकर त्रिपुंड लगाते हैं और कंठीमाला धारण करते हैं। पूरी दुनिया मे आज हिन्दू सभ्यता व संस्कृति का परचम लहरा रहा है। यह पूछे जाने पर कि ऊमा भारती कह रही हैं कि आज देश में व कई राज्यों में भाजपा की बहुमत की सरकार है। राम मंदिर अब नहीं बनेगा तो कब बनेगा।
परिवहन मंत्री ने कहा कि इस सवाल का जवाब पार्टी के प्रवक्ता दे सकते हैं वे नहीं।
अपने विभाग की चर्चा करते हुए परिवहन मंत्री ने कहा कि उनकी सरकार उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारियों के मृतक आश्रित व सातवें वेतन आयोग का लाभ जल्द देने जा रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सड़क परिवहन विभाग देश का ऐसा पहला रोडवेज विभाग है जिसने 1122 करोड़ का फायदा दिया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 21 रोडवेज बस स्टेशन को पीपीपी मॉडल पर आधुनिक बनाया जाएगा। 27 बस स्टेशन उच्चीकृत किए जाएंगे और एक हजार नई बसें निगम के बेड़ में शामिल की जाएंगी।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।