कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ”मिशन शक्ति” की सफलता के लिए डीआरडीओ की सराहना की और राष्ट्र के नाम संबोधन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि वह मोदी को ”विश्व रंगमंच दिवस” की बधाई देते हैं।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ”बहुत खूब डीआरडीओ, आपके कार्य पर हमें गर्व है।” उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा, ”मैं प्रधानमंत्री को विश्व रंगमंच दिवस की बधाई भी देना चाहता हूँ।”
इससे पहले कांग्रेस ने ”मिशन शक्ति” की सफलता के लिए डीआरडीओ को बधाई देते हुए बुधवार को कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू और विक्रम साराभाई के नजरिये की वजह से भारत अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रणी रहा है।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, ”मिशन शक्ति की सफलता के लिए डीआरडीओ को बधाई। इसकी बुनियाद संप्रग सरकार के दौरान 2012 में पड़ी थी।” उन्होंने कहा, ”पंडित जवाहरलाल नेहरू और विक्रम साराभाई के नजरिये की वजह से भारत अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। यह भारत के लिए गौरव का क्षण है।”
वही, पार्टी प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, ”अंतरिक्ष महाशक्ति बनने पर भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान के वैज्ञानिकों के कार्य को सलाम ! पंडित जवाहर लाल नेहरु और होमी जहांगीर भाभा की दूरदर्शिता को भी सलाम, जिसके कारण भारत आज दुनिया का चौथा अंतरिक्ष महाशक्ति बनने में सफल हो पाया। जय हिंद।”


Download Android App
Download iOS App






