पटौदी: प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता सैफ अली खान एवं प्रसिद्ध अभिनेत्री करीना कपूर का बेटा तैमूर अली खान पटौदी अपने जन्म के बाद आज पहली बार अपनी दादी शर्मिला टैगोर के साथ पटौदी स्थित अपने महल में पहुंचा। शर्मिला एवं तैमूर महल में लगभग पोने चार घंटे रहे। जन्म के 257 दिन अर्थात् लगभग साढ़े आठ माह बाद पहली बार पटौदी पैलेस पहुंचे तैमूर अली खान का महल के कर्मचारियों ने वैलकम कहकर स्वागत किया। तैमूर के साथ उसकी एक आया भी साथ आई। इस दोरान शर्मिला टैगोर ने तैमूर को पटौदी पैलेस में घुमाया तथा महल में चल रहे रिनोवेशन के कार्य का निरीक्षण किया।
उन्होंने खाती एवं सोफा बनाने वाले मिस्त्रियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। लगभग पोने बारह बजे दादी संग पटौदी पहुंचे तैमूर लगभग साढ़े तीन बजे वापिस रवाना हो गए। बताया गया कि करीना कपूर शूटिंग के सिलसिले में दिल्ली आई हुई हैं। आज शर्मिला टैगोर ने पटौदी में महल के रिनोवशन के कार्य का निरीक्षण करने आना था। ऐसे में वे अपने साथ तैमूर को भी ले आईं। परंतु स्थानीय लोग तैमूर से मिल उसे दुलार नहीं दे पाए। दरअसल उनके महल में रहते हुए आम जन को महल में प्रवेश नहीं दिया गया। उल्लेखनीय है कि नवाब परिवार से लगाव के चलते तैमूर के जन्म पर नगर के अनेक लोगों ने खुशी मनाई थी तथा अपनी शुभकामनाएं दी थीं।
(डा. ओम प्रकाश अदलखा)