हिन्दी सिनेमा के जाने-माने गायक सोनू निगम ने बिहार के बोधगया और विष्णुपद मंदिर में पूजा की। गायक सोनू निगम, पत्नी, बेटा और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ यहां पहुंचने के बाद बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर गए। मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने बोधि वृक्ष का भी दर्शन किया जहां भगवान बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ था।
उन्होंने बाद में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भगवान बुद्ध की इस धरती पर आकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध को यहीं ज्ञान प्राप्त हुआ था। यहां के लोग भाग्यशाली हैं। सोनू ने कहा कि यहां पर बैठकर मन को शांति मिलती है। वह एक बार फिर पूरे परिवार के साथ आने के लिए प्रार्थना कर यहां से जा रहे हैं।
उधर, सोनू निगम की झलक पाने के लिए लोगों की भीड़ बोधगया मंदिर परिसर में उमड़ पड़ थी। गया के जिलाधिकारी समेत वहां उपस्थित कई लोगों ने सोनू निगम के साथ सेल्फी भी ली। बाद में सोनू निगम गया के विष्णुपद मंदिर में दर्शन के लिए भी गए। सोनू निगम ने भगवान विष्णु को नमन किया और करीब 20 मिनट तक पूजा-अर्चना की। कहा जाता है कि गयासुर नामक दैत्य का वध करते समय भगवान विष्णु के पद चिह्न यहां पड़ थे जो आज भी विष्णुपद मंदिर में देखे जा सकते हैं।
गौरतलब है कि बिहार के राजगीर में 10 और 11 नवम्बर को ऊर्जा विभाग का दो दिवसीय सम्मेलन आयोजित था जिसमें पूरे देश से आने वाले ऊर्जा मंत्रियों, सचिवों एवं अधिकारियों के मनोरंजन के लिए गायक सोनू निगम का कार्यक्रम भी तय था। केंद्र सरकार ने पूरे देश के ऊर्जा मंत्रियों के इस सम्मेलन को अंतिम समय में रद्द कर दिया, इसके बावजूद कल पटना के श्रीकृष्ण स्मारक भवन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तय कार्यक्रम के अनुसार सोनू निगम के गानों का लुत्फ उठाया।
इस कार्यक्रम में दर्शक के रूप में सरकार के मंत्री, विधायकों के अलावा विद्युत विभाग के अधिकांश अधिकारियों और कर्मचारियों के परिवार मौजूद थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोनू निगम को सम्मानित भी किया।