अयोध्या में राम मंदिर के साथ-साथ मस्जिद निर्माण का कार्य भी तेज़ हो गया है। सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड द्वारा बनाये गए इंडो इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन ने रविवार को अपना आधिकारिक लोगो जारी किया है। इस लोगो में इस्लामी प्रतिक ओक्टागरम आकृति बनी है, जिसके नीचे अंग्रेजी में आईआईसीएफ ( IICF ) लिखा गया है।
इस लोगो के अपने अलग ही मायने है, इंडो इस्लामिक आर्किटेक्चर में ओक्टागरम आकृति का इस्तमाल किया जाता है। मिसाल के तौर पर देश की राजधानी दिल्ली में स्थित हुमायूं का मकबरा, जहां जाली के रूप में इस आकृति का इस्तमाल किया गया है। कुरान शरीफ के पन्नों के आखिर में भी ऐसी आकृति का इस्तमाल किया गया है। जो नया लोगो बनाया गया है उसे अरबी भाषा के प्रतीकों में एक अध्याय के अंत के तौर पर देखा जाता है।
जानकारी के लिए बता दें, अयोध्या के धन्नीपुर में मस्जिद बनाई जाएगी सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार, अयोध्या के बाहरी क्षेत्र में मस्जिद बनाने के लिए 5 एकड़ ज़मीन दी गई है। यहां पर मस्जिद बनाने और उसका संचालन करने के लिए इस संगठन को बनाया गया है। लेकिन कोरोना संकट और लॉकडाउन के कारण मुख्य तौर पर कामकाज आगे नहीं बढ़ पाया है।
अभी ट्रस्ट का ऑफिस बनना है, साथ ही ट्रस्ट के नाम से कई कागज़ी कामों का भी होना बाकी है। इस ट्रस्ट में भी 15 लोग होंगे, जिनमें से 9 को नामित किया जा चुका है। जबकि बाकी 6 के नाम आने बाकी हैं, बीते दिनों ही ऐलान किया गया था कि यहां पर बनने वाली मस्जिद का नाम बाबर के नाम पर नहीं होगा।