उत्तर प्रदेश में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान इटावा के अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रशांत कुमार प्रसाद को थप्पड़ मारने और बवाल मचाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी विमल भदौरिया की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा.ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि इटावा की बढ़पुरा पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर घटना में शामिल दो आरोपियों विवेक चौधरी उर्फ संजू चौधरी व श्याम सिंह भदौरिया को गिरफ्तार कर लिया। अभी भी मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर भाजपा नेता विमल भदौरिया समेत 100 से अधिक उपद्रवी फरार हैं।
UP ब्लॉक प्रमुख चुनाव : BJP कार्यकर्ताओं ने इटावा में SP सिटी को मारा थप्पड़, पूर्व IPS की गृहमंत्री से गुहार
विमल भदौरिया की गिरफ्तारी के लिए औरैया, मैनपुरी, कन्नौज, कानपुर देहात व मध्यप्रदेश के भिंड में छापेमारी की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। भदौरिया को पकड़ने के लिए यूपी और एमपी पुलिस की दस टीमें लगी हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दस जुलाई को ब्लाक प्रमुख चुनाव के दौरान बीजेपी समर्थकों ने काफी उत्पात मचाया था। इसी बीच हिस्ट्रीशीट विमल भदौरिया ने एसपी सिटी को थप्पड मार दिया था। इस मामले में मुख्य आरोपी समेत 100 से अधिक उपद्रवियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। फरार विमल भदौरिया पर नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं और सबसे पहला मामला 1996 में दर्ज हुआ था।