आगरा के थाना एत्मादपुर झरना नाले के पास यात्रियों से भरी एक बस सोमवार को पुल से नीचे नाले में गिर गई। अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में करीब 29 लोगों की मौत हो गई और 18 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ से दिल्ली जा रही अवध डिपो की जनरथ बस में करीब 50 लोग सवार थे।
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद से अब तक कई शवों को निकाल लिया गया है लेकिन माना जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। उन्होंने बताया कि फिलहाल मौके पर राहत बचाव कार्य जारी है और जिले के आला अधिकारियों सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद है।
उन्होंने बताया कि खाई में पानी भरे होने की वजह से राहत बचाव कार्य में मुश्किल आ रही है। साथ ही कहा कि अभी तक हादसे की वजह का पता नहीं चल सका है। डीएम एनजी रवि कुमार ने बताया कि लखनऊ से दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे जा रही बस यमुना एक्सप्रेसवे पर रेलिंग तोड़ते हुए नाले में जा गिरी। हादसे में घायल हुए लोगों को जिले के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है।
वहीं, अब तक 29 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जिनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ऐसा माना जा रहा है कि बस चालक की आंख लगने की वजह से यह हादसा हुआ। लोगों के सामान से मृतकों की शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है।
CM योगी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है। साथ ही इस भीषण सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को भी राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को मौके पर जाकर घटना की समीक्षा करने और अस्पताल जाकर घायलों से बात करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि घायलों को समुचित इलाज मुहैया कराया जाए।
रक्षा मंत्री ने सड़क दुर्घटना का लिया संज्ञान
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटना का संज्ञान लिया है जिसमें 29 लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने जिला मजिस्ट्रेट से बात की और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए।