उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के छह विधायकों ने शनिवार को यहां समाजवादी पार्टी (सपा) का दामन थाम लिया। सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा विधायक राकेश राठौर और बसपा के असलम राइनी, मुजतबा सिद्दिकी, हरगोविंद भार्गव, सुषमा पटेल, असलम अली चौधरी तथा हाकिम लाल बिंद को पार्टी में शामिल करते हुये उसकी सदस्यता ग्रहण करायी।
ये विधायक हुए सपा में शामिल
गौरतलब है कि राठौर सीतापुर सदर सीट से भाजपा के विधायक है। जबकि राइनी श्रावस्ती की भिनगा सीट से, सिद्दिकी प्रयागराज की प्रतापपुर सीट से, भार्गव सीतापुर की सिधौली सीट से, पटेल बादशाहपुर की मुंगरा सीट से, चौधरी हापुड़ की ढोलाना सीट से और बिंद प्रयागराज की हंडिया सीट से विधायक हैं।
जनता इतनी दुखी है कि आने वाले चुनाव में भाजपा का सफाया होगा
इस मौके पर संवाददाता सम्मेलन में यादव ने भाजपा के सदस्यता अभियान मेरा परिवार भाजपा परिवार पर तंज कसते हुए कहा कि अब यह नारा बदल कर‘मेरा परिवार भागता परिवार’ हो गया है। उन्होंने कहा कि जनता इतनी दुखी है कि आने वाले चुनाव में भाजपा का सफाया होगा। भाजपा परिवार भागता परिवार दिखाई देगा। उल्लेखनीय है कि गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लखनऊ में एक महीने तक चलने वाले भाजपा के सदस्यता अभियान‘मेरा परिवार भाजपा परिवार’का आगाज किया था।
आने वाले समय में सपा की सरकार बनने जा रही है
अखिलेश ने किसी का नाम लिए बगैर कहा, ‘‘आने वाले समय में सपा की सरकार बनने जा रही है। इस वक्त जो सरकार में हैं उनसे मेरा निवेदन है कि वे दीवाली का त्योहार मनाएं और अपने घर की सफाई अच्छे से करा लें, जिससे वहां धुएं के निशान मिट जाएं।’’ सपा अध्यक्ष ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा द्वारा बनाए गए संकल्प पत्र के पन्ने पलटते हुए कहा, ‘‘कल भाजपा के मंच से कहा गया कि उसने अपने चुनाव घोषणा पत्र के 90 फीसद तक वादे पूरे कर दिए हैं और बाकी बचे हुए दो महीने में पूरे हो जाएंगे।’’
उत्तर प्रदेश का किसान जानना चाहता है कि आखिरकार आय कब दोगुनी होगी
उन्होंने दावा किया, ‘‘भाजपा के संकल्प पत्र का कोई भी पन्ना आप पलट लीजिए। जनता से किया गया एक भी वादा पूरा नहीं हुआ है। इस चुनाव घोषणापत्र में सबसे पहली बात कही गई थी कि 2022 तक किसानों की कृषि आमदनी दोगुनी करने के लिए विस्तृत रोडमैप तैयार किया जाएगा। आज उत्तर प्रदेश का किसान जानना चाहता है कि आखिरकार आय कब दोगुनी होगी।’’
लोगों ने सबसे ज्यादा भाजपा पर भरोसा किया लेकिन सबसे ज्यादा विश्वासघात उन्हीं लोगों के साथ किया
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बुंदेलखंड के लोगों ने सबसे ज्यादा भाजपा पर भरोसा किया लेकिन भाजपा सरकार ने सबसे ज्यादा विश्वासघात उन्हीं लोगों के साथ किया। उन्होंने भाजपा पर शिक्षण संस्थानों को चौपट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन संस्थानों में एक खास तरह की सोच के लोगों को बैठा दिया गया है ताकि बरसों बरस उसी सोच के लोग भर्ती होते रहें। इससे बड़ा नुकसान और कुछ नहीं हो सकता है।
जो नौजवान रोजगार मांगने आया उसे प्रदेश की भाजपा सरकार ने लाठी मारकर वापस भेजा है
अखिलेश ने एक सवाल पर कहा कि जो नौजवान रोजगार मांगने आया उसे प्रदेश की भाजपा सरकार ने लाठी मारकर वापस भेजा है। इस बार नौजवान वोट डाल कर भाजपा का सफाया करेगा। अखिलेश ने एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस और भाजपा के बारे में समाजवादियों का यही मानना है कि जो कांग्रेस है, वही भाजपा है और जो भाजपा है वही कांग्रेस है।
गाड़ी से किसानों को कुचलने की तस्वीरें किसने नहीं देखी
सपा अध्यक्ष ने लखीमपुर खीरी कांड मामले के बाद विवादों से घिरे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा की शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मौजूदगी का जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘‘गाड़ी से किसानों को कुचलने की तस्वीरें किसने नहीं देखी। वह वीडियो भी देख लीजिए जिसमें मंत्री ने धमकाया। उस मंत्री को अमित शाह के साथ मंच पर सम्मान दिया जा रहा है।’’