उन्नाव बलात्कार मामले के आरोपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को बीजेपी द्वारा पार्टी से निकाले जाने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि आखिरकार सत्तारूढ़ पार्टी ने मान लिया कि उसने एक ‘अपराधी’ को ताकत दे रखी थी।
प्रियंका ने ट्वीट कर कहा, ‘‘सुप्रीम कोर्ट की आभारी हूं कि उसने उत्तर प्रदेश में ‘जंगलराज’ का संज्ञान लिया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस बीच, बीजेपी ने आखिरकार मान लिया कि उसने एक अपराधी को ताकत दी थी और खुद को सही करने एवं एक युवती के लिए न्याय की दिशा में बढ़ने के लिए कुछ कदम उठाया।’’

गौरतलब है कि विभिन्न वर्गो के व्यापक आक्रोश और विपक्षी दलों की तीखी आलोचना के बीच भारतीय जनता पार्टी ने बृहस्पतिवार को सेंगर को पार्टी से निकाल दिया। रायबरेली में एक तेज रफ्तार ट्रक ने गत रविवार को बलात्कार पीड़िता की कार को टक्कर मार दी थी। हादसे में पीड़िता के परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई।
UP की हर लड़की के मन में यह सवाल कि उसकी आवाज सुनी जाएगी या नहीं : प्रियंका गांधी
पीड़िता और उनका वकील गंभीर रूप से घायल हैं। उनका लखनऊ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़िता के परिजन ने इस घटना को परिवार को खत्म करने की एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा बताया है।


Download Android App
Download iOS App



