समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखीमपुर हिंसा को लेकर योगी सरकार पर लगातार हमलावर हैं। सपा प्रमुख ने शनिवार को कहा कि देश का कानून जीप के टायरों के नीचे कुचला जा रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार लोगों के साथ लगातार भेदभाव कर रही है। अखिलेश ने सख्त लहजे में कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो।
अभी भी सो रही है सरकार, दोषियों को बचाना चाहती है
उन्होंने कहा कि लखीमपुर की घटना का वीडियो जिसने भी देखा उसने घटना की निंदा की है। ये संविधान कुचलने वाली सरकार है। सबने सब कुछ देखा फिर भी दोषी अभी तक नहीं पकड़े गए हैं। जिन भी परिवार से मैं मिला सबने कहा कि दोषी को सज़ा मिले। अखिलेश यादव ने कहा कि इस मामले में सरकार अभी भी सो रही है सरकार अभी भी उन्हें (दोषियों को) बचाना चाहती है।
ये सरकार केवल ताकतवर लोगों के लिए है, किसानों के लिए नहीं
सपा प्रमुख ने कहा कि ये सरकार केवल ताकतवर लोगों के लिए है, ये सरकार किसानों के लिए नहीं है। जनता ये सब देख रही है, आने वाले समय में बीजेपी का सफाया होगा। उन्होंने कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। 2022 के चुनाव में भाजपा का सफाया तय है। कहा कि भाजपा की रणनीति है कि वह विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस को लड़ाई में दिखाएं। चुनाव से पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा की सक्रियता बढ़ी पर उन्होंने कहा कि हमारा किसी से कोई कंपटीशन नहीं है। प्रदेश में होने वाली हर घटनाओं में समाजवादी लोग मदद कर रहे हैं।
भाजपा सरकार ने पुलिस के जरिए लखीमपुर जाने रोक लिया
समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी घटना होते ही मौके पर पहुंच गए थे और राहत देने का कार्य किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुद पीड़ितों के लगातार संपर्क में थे। सुबह लखीमपुर जाने की तैयारी थी लेकिन भाजपा सरकार ने पुलिस के जरिए रोक लिया। सपा अध्यक्ष ने कहा कि 12 अक्टूबर से विजय यात्रा शुरू हो रही है। जब भी समाजवादी रथ निकला है पार्टी को सत्ता मिली है। इस बार पीड़ित जनता सपा के साथ है। बिजली की समस्या पर उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक भी पावर प्लांट नहीं लगाया है बल्कि समाजवादी सरकार द्वारा लगाए गए प्लांट को बंद करने का काम किया है।
हम जब भी विदेश गए हैं यूपी के लिए कुछ ना कुछ सीख कर आए हैं
खुद की विदेश यात्रा के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम जब भी विदेश गए हैं यूपी के लिए कुछ ना कुछ सीख कर आए हैं। उत्तर प्रदेश में बनाया गया रिवर फ्रंट, एक्सप्रेस वे सहित अन्य बड़े कार्य वहां की स्थिति देखने के बाद ही तय किए गए थे। मुख्यमंत्री भी कई बार विदेश जा चुके हैं लेकिन लौटने के बाद यूपी के लिए कुछ नहीं किया। इससे पहले लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यालय में सपा की विजय यात्रा बस लाई गई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 अक्टूबर को इसी बस से प्रदेश के सघन दौरे पर निकलेंगे। इस बस पर समाजवादी पार्टी के नए स्लोगन का जिक्र है।
बस पर लिखा गया ‘नई सपा है नई हवा है’ स्लोगन
‘नई सपा है नई हवा है’ स्लोगन बस पर लिखा गया है। बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को अखिलेश ने बहराइच के दो किसानों के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की और अपनी संवेदना प्रकट की। इस मौके पर उन्होंने दावा किया कि लोकतंत्र का गला घोंटकर सच को छिपाने वाली इस सरकार के अब सिर्फ 100 दिन बचे हैं। उन्होंने कहा था कि मंत्री के बेटे को पूछताछ के लिए समन भेजना औपचारिकता है और निष्पक्ष जांच के लिए मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।