इटावा : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं पर तंज कसते हुये कहा है कि उन्हें इटावा में चुगलखोर की मजार को देखने जाना चाहिये। यादव ने मंगलवार को सैफई में संवाददाताओं से यह बात कही। उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के अयोध्या में रामलला का दर्शन न करने के बारे में सवाल पूछने पर कहा कि भाजपा के लोग चुगलखोर की मजार देखने नहीं आये।
न ही उन्होंने टैक्सी टेंपल या हनुमान मंदिर में दर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता मुख्य मुद्दों से जनता का ध्यान बंटाने की कोशिश कर रहे हैं।गौरतलब है कि अखिलेश यादव ने जिस चुगलखोर की मजार का जिक्र आज किया वह इटावा से करीब चार किलोमीटर दूर दतावली गांव में है। लोक परंपरा के अनुसार वहां से गुजरने वाला हर मुसाफिर यहां बनी मजार पर पांच जूते मारता है। मान्यता है कि यहां जूते मारने से मुराद पूरी होती है।इससे पहले सपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग बड़ साजिश रचने वाले हैं और उनसे सावधान रहने की जरूरत है। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के खाते में जो रकम भेज रहे हैं वह खाद की बोरी से कटौती की गयी रकम है। उन्होंने बेरोजगारी और अन्य वादे पूरे न करने का आरोप भी भाजपा पर लगाया।