प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अलीगढ़ में मंगलवार को राजा महेन्द्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी। इससे पहले प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश रक्षा औद्योगिक गलियारे के अलीगढ़ नोड और राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय के मॉडलों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस मौके पर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित थे।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) का नाम बदलकर राजा महेंद्र प्रताप के नाम पर रखने की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पुरानी मांग के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर एएमयू के बगल में बनने वाले एक नए विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी। इसी बीच, राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर यूनिवर्सिटी बनाए जाने को लेकर सपा ने बीजेपी पर हमला बोला है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अलीगढ़ में जाट सम्राट के नाम विख्यात राजा महेन्द्र प्रताप सिंह के नाम से बनने वाले विश्वविद्यालय के शिलान्यास से ठीक पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने निशाना साधाते हुए इसे भाजपा का ढोंग बताया है। उन्होंने यह कहते हुए राजा महेन्द्र प्रताप ने हमेशा सम्प्रदायिकता का विरोध किया।
अखिलेश यादव ने मंगलवार को ट्वीटर के माध्यम से लिखा कि आजीवन साम्प्रदायिकता और संकीर्ण राजनीति के विरोधी रहे व भाजपा के पूर्वगामियों की जमानत जब्त कराने वाले राजा महेन्द्र प्रताप सिंह जी के नाम पर नया विश्वविद्यालय बनाना भाजपाई ढोंग है। उनके बनाए गुरुकुल विवि. वृंदावन को भाजपा सरकार ने नकली विवि घोषित करके उनका अपमान किया है।
आजीवन साम्प्रदायिकता और संकीर्ण राजनीति के विरोधी रहे व भाजपा के पूर्वगामियों की ज़मानत ज़ब्त कराने वाले राजा महेन्द्र प्रताप सिंह जी के नाम पर नया विश्वविद्यालय बनाना भाजपाई ढोंग है जबकि उनके बनाए गुरुकुल विवि. वृंदावन को भाजपा सरकार ने नक़ली विवि घोषित करके उनका अपमान किया है।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) September 14, 2021
ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लम्बे समय के बाद मंगलवार को यूपी के दौरे पर हैं। इस दौरान पीएम मोदी अलीगढ़ में राजा महेन्द्र प्रताप सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी की आधारशिला रखने के साथ ही डिफेंस यूपी कारिडोर के अलीगढ़ नोड की कार्य प्रगति की समीक्षा भी करेंगे। प्रधानमंत्री के इन कार्यक्रमों को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने उनका आभार भी जताया है।