कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली में किसान का आंदोलन तेज होता जा रहा है। किसानों के आंदोलन के समर्थन में समाजवादी पार्टी आज उत्तर प्रदेश में किसान यात्राओं का आह्वान कर रही है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के किसान यात्रा में शिरकत करने से ठीक पहले पुलिस ने पार्टी दफ्तर के आसपास का इलाका अवरोधक लगाकर सील कर दिया।
गौतम पल्ली थानाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि सपा मुखिया अखिलेश यादव का सोमवार को कन्नौज जाने का कार्यक्रम था, लेकिन वहां के जिलाधिकारी ने उनके कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी है, लिहाजा सपा दफ्तर की ओर जाने वाले विक्रमादित्य मार्ग के हिस्से को सील करने की कार्रवाई की गई है।
वहीं पुलिस ने समाजवादी पार्टी के एमएलसी राजपाल कश्यप और आशु मलिक को विक्रमादित्य मार्ग स्थित पार्टी कार्यालय जाने के दौरान हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने पर राजपाल कश्यप ने कहा, “पुलिस हमें क्यों रोक रही है? यह अघोषित आपातकाल है। अखिलेश जी को क्यों रोका जा रहा है?”
गौरतलब है कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन और किसानों से जुड़ी अन्य समस्याओं को लेकर सपा सोमवार से पूरे प्रदेश में किसान यात्राएं शुरू कर रही है। इसके तहत अखिलेश का कन्नौज में आयोजित यात्रा में शिरकत करने का कार्यक्रम है। उनका ठठिया मंडी से तिर्वा के किसान बाजार तक 13 किलोमीटर की यात्रा का कार्यक्रम है