समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार से कन्नौज में उनका सपना पूरा करने के लिये बनवाये गये ‘सोलर प्लांट’ (सौर संयंत्र) को ठीक कराने का आग्रह किया।
यह ‘सोलर प्लांट’ अभी बंद पड़ा है।
यादव ने ट्वीट किया, ‘‘आज पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम साहब की पुण्यतिथि पर उनको याद करते हुए उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार से आग्रह है कि इत्र नगरी कन्नौज में उनके सपने को पूरा करते हुए सपा सरकार के समय जो ‘सोलर प्लांट’ बना और सफलतापूर्वक चल रहा था, वह अब मरम्मत के अभाव में बंद पड़ा है, उसे ठीक करवाएं।’’
आज पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम साहब की पुण्यतिथि पर उनको याद करते हुए उप्र की भाजपा सरकार से ये आग्रह है कि इत्रनगरी कन्नौज में उनके सपने को पूरा करते हुए सपा सरकार के समय जो ‘सोलर प्लांट’ बना और सफलतापूर्वक चल रहा था, अब मरम्मत के अभाव में बंद पड़ा है, उसे ठीक करवाएं। pic.twitter.com/as8SyQYNYk
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) July 27, 2022
पूर्व मुख्यमंत्री ने 27 जुलाई 2015 को कलाम के निधन से 20 दिन पहले उनके कन्नौज आकर ‘सोलर प्लांट’ का उद्घाटन किये जाने की एक खबर भी साझा की। अखिलेश उस वक्त राज्य के मुख्यमंत्री थे।