नागरिकता कानून पर अखिलेश यादव का ट्वीट, कहा- देश की छवि को अपूरणीय क्षति हुई

Summary :

अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि CAA (नागरिकता संशोधन कानून) की वजह से निया भर में हमारे देश की छवि को अपूरणीय क्षति हुई है। विश्व के कई नामी विश्वविद्यालयों में भी विरोध प्रदर्शन हुए हैं।

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि CAA (नागरिकता संशोधन कानून) की वजह से निया भर में हमारे देश की छवि को अपूरणीय क्षति हुई है। अखिलेश ने आगे लिखा, ” विश्व के कई नामी विश्वविद्यालयों में भी विरोध प्रदर्शन हुए हैं। अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस द्वारा उड़ानों पर पाबंदी लगाने की भी खबरें आ रही हैं। भाजपा का राजहठ देश के भविष्य के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।” 


आपको बता दें कि इससे पहले कल (मंगलवार को) उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार समेत कई मुद्दो को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक सदन की कार्यवाही से पहले विधानसभा में धरने पर बैठ गए। विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सरकार के खिलाफ सपा विधायको ने कड़े तेवर दिखाये। सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले सपा विधायकों ने विधान भवन स्थित चरण सिंह की प्रतिमा के निकट धरना दिया। 

सपा के दोनों सदनों के सदस्यों ने इस दौरान नागरिकता संशोधन कानून, बेरोजगारी, महंगाई, महिलाओं पर अत्याचार और गन्ना, धान व आलू किसानों की समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा। सपा सदस्यों ने हाथों में तख्ती ले रखी थी जिसमें संविधान बचाओ देश बचाओ के नारे लिखे थे।

मायावती ने की केंद्र से CAA को वापस लेने की मांग, कहा- इससे भविष्य में हो सकते है नकारात्मक परिणाम

इस दौरान विधायकों ने नागरिकता संशोधन कानून को वापस लेने की मांग की। सदस्यों ने कहा कि इस कानून को लेकर पूरे देश में आक्रोश है। विरोध में उतरे विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं पर सरकार पुलिस से बर्बरता करवा रही है। विधायकों का कहना था कि भाजपा सरकार नफरत की राजनीति करके समाज को बांटना चाह रही है। यह हम नहीं होने देंगे। 

Desk Team