कोरोना संकट से निपटने के लिए लगाए गए लॉकडाउन का चौथा चरण जारी है। देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 1 लाख 32 हज़ार के करीब पहुंच गया है। ऐसे में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के नए आदेश के अनुसार राज्य में सोमवार से सभी सरकारी दफ्तर खोल दिए जाएंगे। दफ्तर 50 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ खुलेंगे।
राज्य के मुख्य सचिव आरके तिवारी ने सरकारी दफ्तरों को 50 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ खोलने का आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार अब सभी सरकार दफ्तर खोले जाएंगे। कोरोना संकट को देखते हुए कर्मचारियों के लिए 3 शिफ्ट में समय का आवंटन किया गया है। दफ्तरों में सुबह 9 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक 3 शिफ्ट में काम किया जाएगा।
आदेश के अनुसार विभागाध्यक्ष या कार्यालयाध्यक्ष अपने ऑफिस में काम कर रहे कर्मचारियों का रोस्टर कुछ इस प्रकार से बनाएं ताकि शासकीय कार्यों में बिना किसी बाधा के सभी कर्मी अलटरनेट दिवस में दफ्तरों आएं। दफ्तरों में काम के वक्त सभी कर्मचारियों को सोशल डिस्टन्सिंग का सख्ती से पालन करना होगा।
दफ्तरों में सुरक्षात्मक उपायों का भी पूरा ध्यान रखा जाए इसके अलावा इस बात पर जोर दिया जाए कि दफ्तर में काम करने वाले सभी कर्मचारियों के मोबाइल में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड हो।