केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने लखनऊ में ‘मेरा परिवार-भाजपा परिवार’ सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि आज मैं उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक भूमि पर भाजपा की सदस्यता अभियान की शुरुआत कराने आया हूं। इसके साथ ही दीपावली पर यहां के हर घर पर ‘मेरा परिवार-भाजपा परिवार’ को स्वीकृति मिले, इस अभियान की भी शुरुआत हो रही है।
अखिलेश जी ये हिसाब UP की जनता को दीजिए कि पिछले 5 साल में आप विदेश कितने दिन रहे?
उन्होंने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को अपनी पहचान वापस दिलाने का काम किया है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश को देश का सबसे प्रमुख राज्य बनाने की दिशा में काम किया है। भाजपा ने सिद्ध किया है कि सरकारें परिवार के लिए नहीं, बल्कि सूबे के गरीब से गरीब व्यक्ति के लिए होती है। गृह मंत्री ने कहा कि अखिलेश जी ये हिसाब उत्तर प्रदेश की जनता को दीजिए कि पिछले 5 साल में आप विदेश कितने दिन रहे? बीते दिनों कोरोना आया, यूपी में बाढ़ आई, आप कहां थे? इन्होंने शासन स्वयं के लिए, परिवार के लिए और अपनी जाति के लिए किया है, इसके अलावा किसी के लिए शासन नहीं किया।
बीजेपी के अलावा बाकी सभी राजनीतिक पार्टियों के लिए चुनाव सत्ता हथियाने का जरिया है
उन्होंने कहा कि बाकी सभी राजनीतिक पार्टियों के लिए चुनाव सत्ता हथियाने का जरिया है। भाजपा के कार्यकर्ता के लिए चुनाव पार्टी की विचारधारा को घर-घर पहुंचाने का चुनाव है। जनता की समस्या को जानने का चुनाव है। सरकार के किए हुए कार्यों को लोगों तक पहुंचाने का चुनाव है। अमित शाह ने कहा कि सदस्यता अभियान 29 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक चलेगा। यूपी में 53% आबादी युवा है, युवाओं, गरीबों, महिलाओं, दलितों, पिछड़ों को पार्टी के साथ जोड़ने का कार्य भाजपा करेगी।
यूपी में कई वर्षों तक सपा-बसपा का खेल चलता रहा
उन्होंने कहा कि यूपी में कई वर्षों तक सपा-बसपा का खेल चलता रहा, उसने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया था। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की बदहाल स्थिति देखकर खून खौलता था। आज उत्तर प्रदेश में कोई पलायन नहीं होता, पलायन कराने वालों का खुद पलायन हो गया है। उन्होंने कहा कि एक बहुत बड़ा परिवर्तन उत्तर प्रदेश में और देश में मोदी जी और योगी सरकार ने करने का कार्य किया है। आपने दोबारा दो तिहाई बहुमत दिया, मोदी जी ने राम जन्मभूमि का शिलान्यास कर दिया और देखते-देखते आज आसमान को छूने वाला भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन रहा है।
SP पार्टी की सरकार में निर्दोष रामभक्तों को गोलियों से भून दिया गया था
अमित शाह ने कहा कि अखिलेश जी को मैं याद दिलाता हूं कि आपकी पार्टी की सरकार में निर्दोष रामभक्तों को गोलियों से भून दिया गया था। आज उसी जगह पर रामलला शान के साथ गगनचुंभी मंदिर में विराजमान होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक पार्टियां ऐसी होती हैं जो हमेशा के लिए समाज सेवा का कार्य करती हैं। कुछ राजनीतिक पार्टियां ऐसी होती हैं जैसे बारिश में मेंढक बाहर आ जाता है, ऐसे चुनावी मेंढक भी चुनाव के समय ही बाहर आते हैं।
2017 के पूर्व उत्तर प्रदेश देश की 7वीं अर्थव्यवस्था थी, आज यूपी देश की दूसरे नंबर की अर्थव्यवस्था
गृह मंत्री ने आगे कहा कि 2017 के पूर्व उत्तर प्रदेश देश की 7वीं अर्थव्यवस्था थी, आज यूपी देश की दूसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन गया है। अखिलेश बाबू आप यूपी का बजट 10 लाख करोड़ रुपये का छोड़कर गए थे। योगी जी ने अंतरिम बजट 21.31 लाख करोड़ रुपये का रखा है।