उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सियासत में कई बड़े बदलाव होते नजर आ रहे हैं, स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफे के बाद से ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में इस्तीफों की झड़ी लग गई है। इस बार उत्तर प्रदेश के औरैया जिले की बिधूना सीट से भाजपा विधायक विनय शाक्य ने पार्टी को झटका दिया है। बता दें कि बीते दिन विनय शाक्य के परिवार ने उनके लापता होने की बात कही थी, जिसके बाद विधायक का बयान सामने आया है।
विनय शाक्य ने स्वामी प्रसाद के साथ सपा में शामिल होने का बनाया मन
विनय शाक्य ने लापता या अपहरण की बात को गलत बताया और कहा कि वह स्वामी प्रसाद के साथ समाजवादी पार्टी (सपा) में जाने का मन बना चुके हैं। वहीं बता दें कि अब तक स्वामी प्रसाद ने भी पूरी तरह से साफ नहीं किया है कि वह सपा में जा रहे हैं। वहीं विनय के लापता होने की खबरों पर भी विराम लग गया है, विधायक 2018 में पड़े ब्रेन स्ट्रोक के वजह से ठीक से बोल पाने की स्थिति में नहीं है लेकिन इशारों ही इशारों में उन्होने खुद के ठीक होने का संकेत दिया।
विधायक को नहीं है कोई खतरा
विनय शाक्य की मां द्रौपदी देवी ने कहा कि उनके विधायक बेटे का ना तो अपहरण किया गया है और ना ही उनको बंधक बना कर रखा गया है। विधायक के छोटे भाई देवेश शाक्य की पत्नी सपना ने भी सफाई दी कि विधायक अपने परिवार के साथ पूरी तरह से सुरक्षित है। उनको किसी तरह का कोई भी खतरा नहीं है। वहीं औरैया के पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने विधायक विनय शाक्य के लापता होने के दावे को निराधार और गलत बताते हुए कहा कि शाक्य इटावा स्थित अपने आवास पर हैं और वह बिल्कुल ठीक हैं।
विनय शाक्य की बेटी ने लगाया था अपहरण का आरोप
कथित रूप से विधायक विनय शाक्य की बेटी रिया का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके चाचा देवेश शाक्य और दादी उनके पिता को लखनऊ लेकर चले गए हैं और वह कहां और किस हाल में हैं इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने वीडियो में कहा कि उनके पिता को एक मई 2018 को ब्रेन स्ट्रोक पड़ा था, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके पिता ना तो स्पष्ट तरीके से बातचीत कर सकते हैं और ऑपरेशन होने के बाद उनकी सोचने समझने की शक्ति भी कम हो गई है।
विनय शाक्य को जबरन में SP में किया जा रहा शामिल
वीडियो में आरोप लगाया गया हम लोग क्षेत्र में भाजपा के लिए काम कर रहे हैं क्योंकि चुनाव नजदीक हैं। इसी बीच हमारे चाचा देवेश शाक्य और हमारी दादी मेरे पिताजी को लखनऊ लेकर चले गए हैं। इस समय मेरे पिताजी की स्थिति ठीक नहीं है। वह कहां हैं, किस हालत में हैं, हमें कोई जानकारी नहीं है। मैं सरकार से मांग करती हूं कि हमारे पिताजी का तत्काल पता लगाकर हम परिवारी जनों से उन्हें मिलवाया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने विधायक के अपहरण के आरोपों को बताया गलत
इस बीच, औरैया के पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने विधायक विनय शाक्य के लापता होने की आरोपों को गलत करार दिया और कहा कि यह मामला पारिवारिक विवाद से प्रेरित है। वर्मा ने दावा किया कि उनकी खुद विधायक से वीडियो कॉल पर बातचीत हुई है। वह इस वक्त इटावा जिले की शांति कॉलोनी स्थित अपने मकान में अपनी मां के साथ हैं। उनके साथ पुलिस उपाधीक्षक स्तर के एक अधिकारी भी मौजूद हैं।