उत्तर प्रदेश के अयोध्या से एक दुखद खबर सामने आयी है। राम नगरी में सरयू नदी के प्रसिद्ध गुप्तार घाट पर स्नान करते समय 12 लोग डूब गए हैं। सभी लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी पाते ही पुलिस और गोताखोर की तरफ से रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है।
शुरूआती जानकारी के मुताबिक, स्थानीय गोताखोरो ने इनमें से तीन लोगों को बचा लिया है। वहीं अन्य 9 लोगों की तलाश भी जारी है। डूबने वालों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। आगरा का ये परिवार सरयू में स्नान के लिए गुप्तार घाट आया था, लेकिन तेज धारा की चपेट में आने से परिवार हादसे का शिकार हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार के बच्चे कच्चे किनारे स्नान कर रहे थे, तभी वह गहरे पानी में जाने लगे, उनको बचने के चक्कर में परिवार के एक के बाद एक कुल 12 सदस्य पानी के तेज बहाव में बह गए। लोगों की चीख पुकार की आवाज सुन स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की सूचना दी।
बचाए गए लोगों में सतीश, नमन और अशोक नाम के युवक है, वहीं अन्य लोगों की तलाश जारी है। रेस्क्यू टीम द्वारा बचाए गए एक सदस्य ने घटना के बारे में बताया कि उनके परिवार के सदस्य एक-एक कर डूबते चले गए थे। वह इसलिए बच गए क्योंकि एक स्थानीय ने उनका हाथ थाम लिया था, जिस वजह से वे नहीं डूबे।