उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू बृहस्पतिवार को अयोध्या जा रहे थे। इसी दौरान उनको को हिरासत में ले लिया गया। वह अयोध्या जमीन का मुआवजा देने में कथित मनमानी के मामले को किसानों से मुलाकात करने के लिए जा रहे थे।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया संयोजक ललन कुमार ने बताया, ‘‘अयोध्या जिले में विकास कार्यों के लिए जमीन अधिग्रहित करने के एवज में सरकार किसानों को औने पौने दाम दे रही है। इसके अलावा एक ही जमीन के मुआवजे के तौर पर दी जाने वाली धनराशि में भी जमीन-आसमान का फर्क किया जा रहा है।’’
उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर किसानों का दर्द बांटने जा रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को पुलिस ने बाराबंकी स्थित अहमदपुर टोल प्लाजा पर रोक कर हिरासत में ले लिया। उनके साथ पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता तनुज पुनिया तथा कुछ अन्य नेता भी मौजूद हैं।
लल्लू ने पुलिस के इस कदम की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि अयोध्या में किसानों के भूमि सरकार औने-पौने दाम देकर अधिग्रहित कर रही है। वह किसानों का दर्द जानने के लिए अयोध्या जा रहे थे लेकिन किसान विरोधी सरकार ने बाराबंकी टोल प्लाजा पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लगाया गया अघोषित आपातकाल किसानों, बुनकरों और युवाओं की आवाज को दबा रहा है और कांग्रेस इनकी लड़ाई लड़ने से पीछे नहीं हटेगी।


Download Android App
Download iOS App



