उत्तर प्रदेश के बरेली में कांग्रेस की और से मैराथन रेस का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में छात्राओं ने भी हिस्सा लिया। मैराथन के दौरान भीड़ ज्यादा होने के कारण भगदड़ जैसे हालत बन गए, जिसमें कई छात्राएं घायल हो गईं। वहीं घटना पर पार्टी नेता और पूर्व मेयर सुप्रिया एरन ने विवादित बयान दिया।
दरअसल, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी की ओर से दिए गए नारे मैं लड़की हूं लड़ सकती हूं के अंतर्गत इस मैराथन का आयोजन किया गया था। लेकिन जैसे ही मैराथन शुरू हुई कुछ छात्राएं गिर गई, और भगदड़ मच गई, जिसमें कुछ छात्राएं मामूली रूप से घायल हो गईं।
वहीं भगदड़ को लेकर पूर्व मेयर सुप्रिया एरन ने बेतुका बयान देते हुए कहा कि जब वैष्णो देवी में भगदड़ मच सकती है तो यहां क्यों नहीं। इसके साथ ही उन्होंने इस भगदड़ के पीछे किसी की साजिश होने की भी बात कही। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अशोक सिंह ने बताया, “मैराथन में कुछ लड़कियां घायल हो गई हैं, और हम आगे के विवरण की प्रतीक्षा कर रहे हैं।”#WATCH | Stampede occurred during Congress' 'Ladki hoon, Lad Sakti hoon' marathon in Bareilly, Uttar Pradesh today pic.twitter.com/nDtKd1lxf1
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) January 4, 2022
यूपी की बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा, “यह बीजेपी सरकार द्वारा रची गई साजिश थी। स्थानीय जिला प्रशासन को पता था कि मैराथन हो रही है, लेकिन उन्होंने सहयोग नहीं किया।” उन्होंने कहा कि यह स्थिति “स्थानीय प्रशासन की ओर से ढिलाई का नतीजा” है। उन्होंने कहा, “सुरक्षा की दृष्टि से जिला प्रशासन ने सहयोग नहीं किया और पूरी घटना में भाजपा की साजिश नजर आ रही है।”