उत्तर प्रदेश में कुशीनगर के कप्तानगंज इलाके में बुधवार सुबह एक अवैध पटाखा गोदाम और फैक्ट्री में हुए विस्फोट में चार व्यक्तियों की मौत हो गई वहीं 12 अन्य घायल हो गए।
विस्फोट के प्रभाव में गोदाम ढह गया और मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका है। छह घायलों को मलबे से निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब धमाका हुआ तो फैक्ट्री के कर्मचारी सुबह से ही पटाखे बना रहे थे।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, घटना में आसपास के तीन घरों को भी नुकसान पहुंचा है। अवैध पटाखा गोदाम कुशीनगर के कप्तानगंज क्षेत्र के वार्ड 11 के घनी आबादी में चल रहा था। पुलिस मौके पर पहुंच गई है और बचाव कार्य में जुटी हुई है।
पुलिस ने बताया कि कुशीनगर में कप्तानगंज थाने के अंतर्गत वार्ड नंबर 11 काफी घनी आबादी वाला इलाका है। इस इलाके में रहने वाले जावेद ने अपने घर में अवैध पटाखों का गोदाम बना रखा था। पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह घर में एलपीजी सिलेंडर में आग लग गयी जिससे धमाका हुआ और जावेद के घर के साथ-साथ आसपास के घरों में भी आग लग गयी।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक अयोध्या प्रसाद सूचना मिलने पर घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक कुमार ने बताया कि इस धमाके में चार लोगों की मौत हो गयी। जिनमें नाजिया (14), जावेद (35) और जावेद की मां फातिमा (65) हैं। धमाके में मारे गये एक व्यक्ति की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।