समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि साइकिल का अपमान देश का अपमान है। अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस भाषण पर टिप्पणी करते हुए यह बात कही है जिसमें मोदी ने कहा था कि अहमदाबाद में हुए बम धमाकों में उसके साजिशकर्ताओं ने साइकिलों में बम लगाए थे और समाजवादी पार्टी का चुनाव चिन्ह भी साइकिल ही है।
पीएम का बयान देश का अपमान है - अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि साइकिल गरीब आदमियों की आजीविका का सहारा है और प्रधानमंत्री का इस तरह का बयान ऐसे लोगों का अपमान है जो इसे आने जाने के तौर पर इस्तेमाल करते हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि साइकिल की मदद से किसान समृद्धि के रास्ते तलाशता है और इसी साइकिल पर हम अपनी बच्चियों को स्कूल छोड़कर आते हैं तथा आने जाने का वह साधन है जिसे आम आदमी अपने लिए एक विमान मानता है। यह ग्रामीण भारत के लिए गर्व की बात है और इसका अपमान कर प्रधानमंत्री ने पूरे राष्ट्र का अपमान किया है।
खेत और किसान को जोड़ कर उसकी समृद्धि की नींव रखती है, हमारी साइकल,
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) February 20, 2022
सामाजिक बंधनों को तोड़ बिटिया को स्कूल छोड़ती है, हमारी साइकल
महंगाई का उसपर असर नहीं, वो सरपट दौड़ती है, हमारी साइकल,
साइकल आम जनों का विमान है, ग्रामीण भारत का अभिमान है, साइकल का अपमान पूरे देश का अपमान है। pic.twitter.com/Nf1Bq2XtjE
भगवा पार्टी पूरी तरह से हार जाएगी - सपा प्रमुख
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा का सत्ता से हटना तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा जमीन खो रही है और जैसे-जैसे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव आगे बढ़ेंगे और आजमगढ़, बलिया, मिर्जापुर और सोनभद्र के लोग वोट देंगे और भगवा पार्टी पूरी तरह से हार जाएगी।
किसान भाजपा माफ नहीं करेंगे - अखिलेश
उन्होंने कहा कि हमने पहले दो चरणों में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है और यहां तक कि रविवार को तीसरे चरण में भी सपा गठबंधन बाकी सभी से आगे है।सपा प्रमुख ने कहा कि किसान उन्हें माफ नहीं करेंगे। भाजपा ने कहा था कि किसानों की आय दोगुनी होगी। किसानों से पूछें कि सच्चाई क्या है। भाजपा ने किसानों के हित में नहीं बल्कि चुनाव को देखते हुए विवादास्पद कृषि कानून विधेयक वापस ले लिए है।
यूपी का ये जनादेश आ रहे हैं अखिलेश
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) February 21, 2022
समाजवादी विजय यात्रा लखनऊ pic.twitter.com/VSdQ7AQHzu
झूठे वादे करने में भाजपा की कोई बराबरी नहीं कर सकता - सपा प्रमुख
अखिलेश ने भाजपा नेताओं को झूठा बताया और कहा कि झूठे वादे करके कोई भी उनकी बराबरी नहीं कर सकता।टैबलेट के मुफ्त वितरण को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को लैपटॉप और टैबलेट चलाना नहीं आता है।उन्होंने कहा कि योगी ने युवाओं और नौकरी के इच्छुक लोगों के लिए कुछ नहीं किया।