उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित पीजीआई अस्पताल में भर्ती पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन की अफवाहों के बीच बिहार सरकार के मंत्री और बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन उनसे मिलने पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री की सेहत में अब कुछ सुधार हो रहा है। पीजीआई अस्पताल ने शुक्रवार को बुलेटिन जारी कर बताया कि पूर्व सीएम कल्याण सिंह की हालत पहले से बेहतर है और उनका ब्लड प्रेशर व हार्ट बीट भी सामान्य है।
अस्पताल पहुंचे शाहनवाज हुसैन ने कल्याण सिंह से बात भी करने की कोशिश की। कल्याण सिंह को एसजीपीजीआई के क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग में रखा गया है। क्रिटिकल केयर मेडिसिन, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी यूरोलॉजी और एंडोक्राइन सर्जरी समेत 5 बड़े विभागों के विभागाध्यक्ष समेत डॉक्टरों की एक बड़ी टीम उनका ख्याल रख रही है।
एसजीपीजीआई के निदेशक डॉक्टर आरके धीमन स्वयं उनकी सेहत का पल-पल का अपडेट ले रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पीजीआई में भर्ती होने के बाद से लगातार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अस्पताल के सीनियर डॉक्टर से संपर्क बनाए हुए हैं। इस बीच वह कई बार अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों को कल्याण सिंह के बेहतर इलाज को लेकर निर्देश दे चुके हैं।