उत्तर प्रदेश के बैरिया विधानसभा से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। सुरेंद्र ने अपने बयान में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को शूर्पणखा बताया है। सुरेंद्र सिंह के इस बयान ने विवाद को जन्म दे दिया है। उनका कहना है कि बंगाल की सड़कों पर लोगों को मारा जा रहा है और वह मुख्यमंत्री होकर भी कुछ नहीं कर रही हैं।
सुरेंद्र सिंह ने कहा कि बंगाल में हिंदू सुरक्षित नहीं हैं, अगर ऐसा ही चलता रहा तो वहां भी जम्मू-कश्मीर जैसे हालात हो जाएंगे। सुरेंद्र सिंह ने अपने भाषण में कहा कि ममता बनर्जी शूर्पणखा की भूमिका में हैं, ध्यान रखिएगा की शूर्पणखा का अंत करने वाला लक्ष्मण पैदा हो गया है। नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी शूर्पणखा की नाक काटेगी। कांग्रेस रावण की भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी का स्वभाव भारतीय राजनीति में दैत्य की तरह हो गया है, वहां इंसान और इंसानियत की रक्षा नहीं की जा रही है।
उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के एंटी-नेशनल और आतंकी बंगाल में घुस गए हैं। वो हिंदुओं को प्रताड़ित कर रहे हैं, लेकिन भगवान की कृपा है मोदी जैसे नेता भारत में पैदा हुए हैं। गौरतलब है कि सुरेंद्र सिंह ने पहली बार कोई इस तरह का बयान नहीं दिया है। इससे पहले भी वो विवादित बयान दे चुके हैं। हाल ही में उन्होंने कहा था कि 2019 का लोकसभा चुनाव भगवान बनाम इस्लाम होगा।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।