प्रयागराज से बीजेपी सांसद रीता बहुगुणा जोशी 6 साल की पोती की पटाखे से झुलस कर मौत हो गई है। सोमवार को पटाखे जलाते समय हादसे का शिकार हुई बच्ची 60 प्रतिशत जल गई। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। लेकिन मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली के एक अस्पताल में बच्ची की आज सुबह करीब तीन बजे मौत हो गई। हादसे के बाद बच्ची को प्रयागराज के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां हालत बिगड़ने पर दिल्ली AIIMS लाया गया। मंगलवार को डॉक्टरों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन मासूम की मौत हो गई।
कानपुर की बच्ची के परिवार के लिए सीएम योगी ने की मुआवजे की घोषणा, शव के अंग थे गायब
सांसद रीता अपने पति पीसी जोशी के साथ दीपावली पर प्रयागराज आवास पर आई थीं। बहू रिचा बेटी किया को लेकर पोनप्पा मार्ग स्थित अपने मायके गईं थीं। सांसद के मीडिया प्रभारी अभिषेक शुक्ल ने बताया कि बच्चे घर की छत पर खेल रहे थे।
इस दौरान पटाखा फटने से किया बुरी तरह घायल हो गई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके 60 प्रतिशत तक जलने की जानकारी दी। सांसद के इकलौते बेटे मयंक लखनऊ में हैं और वहीं से सीधे दिल्ली पहुंच रहे हैं। मयंक की शादी 2007 में हुई थी। किया उनकी इकलौती बेटी है।