यूपी भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में विपक्ष ‘योगी फोबिया’ से पीड़ित है। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस की हालत एक शुतुरमुर्ग की तरह है, जिन्होंने अपना सिर रेत में दबा लिया है और राज्य का सर्वांगीण विकास नहीं देख पा रहे हैं। उन्होंने कहा, “विपक्षी दलों ने यूपी में राजनीतिक आधार खो दिया है। सत्ता में लौटने का उनका सपना टूट गया है। वे अब झूठे प्रचार से लोगों को गुमराह कर रहे हैं।”
सपा नेतृत्व को ‘अपराधियों का मसीहा’ करार दिया
सिंह ने सपा नेतृत्व को ‘अपराधियों का मसीहा’ करार दिया। उन्होंने कहा, “सपा ने सरकार के खिलाफ बोलने का अधिकार खो दिया है। पार्टी केवल इसलिए परेशान है क्योंकि योगी आदित्यनाथ ने माफिया राज के खिलाफ अभियान शुरू किया है।” यूपी भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सपा को गरीबों, वंचितों, किसानों, युवाओं और महिलाओं की चिंता नहीं है। उन्होंने कहा, “ये लोग केवल माफिया को संरक्षण देते हैं, जिनकी अवैध रूप से कब्जा की गई जमीन पर राज्य सरकार ने बुलडोजर चला दिया है।”
प्रियंका गांधी UP में ‘राजनीतिक पर्यटन’ के लिए आ रही हैं
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, “उत्तर प्रदेश की जनता ने एक बार नहीं बल्कि दो बार सपा को खारिज किया है और पार्टी को बयान जारी करने से पहले जमीनी हकीकत देखना शुरू कर देना चाहिए।” प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी राज्य में ‘राजनीतिक पर्यटन’ के लिए आ रही हैं।
उत्तर प्रदेश के लोगों ने तीन दशक पहले कांग्रेस को खारिज कर दिया था
सिंह ने कहा, “उत्तर प्रदेश के लोगों ने तीन दशक पहले कांग्रेस को खारिज कर दिया था। जो लोग अपना घर नहीं बचा सके, वे हताशा में बेतुके बयान दे रहे हैं।” उन्होंने कहा कि ये विपक्षी नेता बिना वाजिब कारण के योगी सरकार की आलोचना कर अपनी गरिमा खो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के आशीर्वाद से भाजपा अगले साल अधिक संख्या में सत्ता में वापसी करेगी।