अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे पर संभल के सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क के बयान के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। तालिबान के कब्जे की तुलना भारत की आजादी की लड़ाई से करने पर संभल की सदर कोतवाली में बीजेपी पश्चिमी यूपी के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल की तहरीर पर सपा सांसद के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
दरअसल, शफीकुर्रहमान ने अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे को सही करार देते हुए कहा कि अफगानिस्तान की आजादी अफगानिस्तान का अपना मामला है। अफगानिस्तान में अमेरिका की हुक्मरानी क्यों? उन्होंने कहा कि तालिबान वहां की ताकत है। अमेरिका रूस के तालिबान ने पैर नहीं जमने दिए। तालिबान की अगुवाई में अफगान आजादी चाहते हैं। भारत में भी अंग्रेजों से पूरे देश ने लड़ाई लड़ी थी। रहा सवाल हिंदुस्तान का तो यहां कोई कब्जा करने अगर आएगा उससे लड़ने को देश मजबूत है।
दुनियाभर की निंदा झेल रहे तालिबान को भारत की इस पार्टी ने दी बधाई, विवाद के बाद हटाया ट्वीट
उनके इस बयान पर जब सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हुआ तो समाजवादी पार्टी के सांसद शफीकुर्रहमान बर्क अपने बयान से पलट गए। बर्क ने कहा कि वह इस मामले में सरकार की पाॅलिसी के साथ हैं। बता दें कि अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी के देश छोड़कर चले जाने के बाद रविवार को तालिबान ने काबुल पर कब्जा कर लिया। इसके बाद से वहां अफरा-तफरी का माहौल है।