उत्तर प्रदेश में चित्रकूट जिले में आज खूनी संग्राम हुआ। रगौली जेल में बंद एक कैदी ने आपसी झड़प के चलते दो अन्य कैदियों की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या करने वाले कैदी को भी जेल पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। पुलिस द्वारा ढेर किए गए कैदी को वेस्ट यूपी का बड़ा बदमाश मुकीम काला बताया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, चित्रकूट जेल में बंद पूर्वांचल के बड़े गैंगस्टर अंशु दीक्षित ने शुक्रवार दोपहर में फायरिंग की। इस फायरिंग में मुकीम काला और मेराज की हत्या कर दी गई। मुकीम काला वेस्ट उत्तर प्रदेश का इनामी गैंगस्टर था। वहीं मेराज को विधायक मुख्तार अंसारी का करीबी बताया जा रहा है।
वहीं रगौली जेल के जेलर एस.पी. त्रिपाठी ने बताया कि जेल में बंद कुछ कैदियों के बीच हुई आपसी झड़प के दौरान एक बंदी ने दो कैदियों की गोली मारकर हत्या कर दी, बाद में जेल सुरक्षाकर्मियों ने उसे भी मार गिराया। जेलर त्रिपाठी ने बताया कि अभी फिलहाल जिले के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं।
एक सवाल के जवाब में जेल अधिकारी ने बताया कि बीच-बचाव करने गए एक सुरक्षाकर्मी का सर्विस रिवाल्वर छीनकर बंदी ने दो कैदियों पर गोली चलाई। मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद जेल छावनी में तब्दील हो गया है। मौके पर जेल अधीक्षक और डीएम-एसपी समेत भारी पुलिस बल पहुंच गया है।