उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का 89 साल की उम्र में सोमवार सुबह निधन हो गया। आनंद सिंह बिष्ट ने दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में अंतिम सांस ली। वह किडनी और लिवर की बिमारी से पीड़ित थे। काफी दिनों से उनका इलाज चल रहा था।
तबीयत खराब होने पर उन्हें 13 मार्च को एम्स में भर्ती कराया गया था। उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी ने ट्वीट कर जानकारी दी कि मुख्यमंत्री के पिता का आज सुबह 10 बजकर 44 मिनट पर निधन हो गया। अवनीश अवस्थी ने मुख्यमंत्री के पिता के निधन पर गहरा शोक जताया।
एम्स के गेस्ट्रो विभाग के डॉक्टर विनीत आहूजा की टीम उनका इलाज कर रही थी। गौरतलब है कि आनंद सिंह बिष्ट की हालत पिछले कुछ दिनों से गंभीर बताई जा रही थी और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।