उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने थाना, तहसील और विकास खण्ड स्तर पर समय से काम पूरा करने के निर्देश देते हुए रविवार को कहा कि इससे बड़े पैमाने पर सकारात्मक बदलाव आएगा।
राज्य सरकार के प्रवक्ता के मुताबिक मुख्यमंत्री ने ‘अनलॉक’ समीक्षा के दौरान कहा कि थाना, तहसील तथा विकास खण्ड स्तर पर सभी कार्य समय से पूरे किए जाएं। जब भी छोटी इकाइयां अपना दायित्व अच्छी तरह निभाती हैं, तो बड़े पैमाने पर सकारात्मक परिवर्तन होते हैं।
उन्होंने कहा कि तहसील, थाना तथा विकास खण्ड स्तर पर आमूल-चूल परिवर्तन दिखने चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मण्डलायुक्त शासन की योजनाओं के संबंध में निरंतर समीक्षा करें। यह भी सुनिश्चित करें कि तहसील स्तर पर राजस्व विवादों का निस्तारण समय से किया जाए।
विकास खण्ड स्तर पर खण्ड विकास अधिकारी भी निरंतर निगरानी करें। सरकार की मंशा है कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का पूरा लाभ आमजन को मिले। योगी ने कहा कि कोविड-19 के मद्देनजर पूरी सतर्कता बरती जाए।
मेरठ में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जिन जिलों में रोजाना 50 से 100 तक कोविड-19 के मरीज आ रहे हैं, उनमें विशेष सतर्कता बरती जाए। प्रवक्ता के मुताबिक मुख्यमंत्री ने पराली के संबंध में कहा कि किसानों को पराली जलाने से होने वाले पर्यावरण प्रदूषण को लेकर जागरूक करते हुए उन्हें इसे न जलाने के लिए कहा जाए। उन्हें यह भी बताया जाए कि खेतों में पराली जलाने से भूमि की उर्वरा शक्ति कम हो जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्व और त्योहारों के मद्देनजर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। पटाखा बनाने वाली इकाइयां किसी भी दशा में आबादी के अंदर स्थापित न होने पाएं।


Download Android App
Download iOS App



