UP Assembly Election 2022 : CM योगी गोरखपुर और डिप्टी सीएम केशव मौर्य सिराथू सीट से लड़ेंगे चुनाव

Summary :

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी विधानसभा चुनाव में गोरखपुर शहर से चुनाव लड़ेंगे जबकि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कौशाम्बी जिले की सिराथू सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी विधानसभा चुनाव में गोरखपुर शहर से चुनाव लड़ेंगे जबकि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कौशाम्बी जिले की सिराथू सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे।केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में शनिवार को यह घोषणा की। योगी अभी विधानपरिषद के सदस्य हैं। वह पांच बार गोरखपुर से सांसद रह चुके हैं।
 पार्टी ने 105 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी
पार्टी ने इसके साथ ही पहले और दूसरे चरण के तहत 113 सीटों पर होने वाले मतदान के मद्देनजर 105 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति के अन्य सदस्यों ने बृहस्पतिवार को हुई एक बैठक में इन नामों पर मुहर लगाई थी।
दूसरे चरण में 14 फरवरी को राज्य की 55 सीटों पर मतदान होगा
ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश में सात चरणों में मतदान होना है। इसकी शुरुआत 10 फरवरी को राज्य के पश्चिमी हिस्से के 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान के साथ होगी। दूसरे चरण में 14 फरवरी को राज्य की 55 सीटों पर मतदान होगा।उल्लेखनीय है कि योगी आदित्यनाथ को अयोध्या सीट से चुनाव लड़ाने को लेकर चर्चा थी। पार्टी में इस पर चर्चा भी हुई थी और अंतिम फैसला पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) पर छोड़ दिया गया था।उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण में 59 सीटों पर, 23 फरवरी को चौथे चरण में 60 सीटों पर, 27 फरवरी को पांचवें चरण में 60 सीटों पर, तीन मार्च को छठे चरण में 57 सीटों पर और सात मार्च को सातवें चरण में 54 सीटों पर मतदान होगा।
 

Desk Team