उन्नाव में राज्य औद्योगिक विकास निगम की ट्रांस गंगा सिटी परियोजना के लिए अधिग्रहित की गई जमीन का बेहतर मुआवजा नहीं मिलने को लेकर किसान विरोध प्रदर्शन कर रहे है। वहीं आज ग्रामीणों और कुछ उपद्रवियों ने उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (UPSIDC) के अधिकारियों और उनके वाहनों पर हमला किया था। उपद्रवियों ने क्रशर प्लांट के एक वाहन को आग लगा दी।
UPSIDC ने 8 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर गोलियां चलाईं और उन पर पथराव किया। इस पथराव में 5 पुलिस वाले घायल हो गए। मामले में 5 लोग पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। वहीं जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) का कहना है, “कुछ बदमाश ऐसा कर रहे हैं। हम गांवों में जाएंगे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करेंगे। यह उपद्रवियों का काम है। हम शांति बनाए रखेंगे और ट्रांस गंगा सिटी परियोजना का काम भी चलेगा।”
UPSIDC के अधिकारी व चीफ इंजीनियर सुबह ट्रांसगंगा सिटी में काम कराने पहुंचे थे, इस पर किसानों ने उनकी पिटाई की और पथराव शुरू कर दिया। पथराव में जेसीबी मशीन और कार क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। तनाव के बीच कुछ देर काम हुआ, लेकिन दोपहर बाद सैकड़ों किसान और ग्रामीण फिर काम रुकवाने पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो धक्का देते हुए भीड़ आगे बढ़ने लगे।
दरअसल, किसान कानपुर के निकट प्रस्तावित आवासीय परियोजना ट्रांस गंगा सिटी के लिए अधीग्रहीत की गई जमीन के लिए बेहतर मुआवजे की मांग कर रहे है। इसी मांग को लेकर किसानों ने सड़क पर उतर कर विरोध जताया। किसानों का आरोप है कि 2005 में बगैर समझौते के उनकी जमीन को अधिगृहीत कर लिया गया था। इसका उचित मुआवजा नहीं दिया जा रहा है।