उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि रामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला का मुद्दा कभी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजनीतिक एजेंडे में नहीं था। यह देश के करोड़ो हिन्दुओं की आस्था से जुड़ा है और अब अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण जोर-शोर से चल रहा है। अयोध्या विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी वेद प्रकाश गुप्ता के चुनाव कार्यालय पर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने रविवार को कहा कि अयोध्या विश्व स्तरीय पर्यटन नगरी के रूप में स्थापित हो, इसके लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा विकास के कार्य कराये जा रहे हैं।
राम मंदिर राजनीति से नहीं हिन्दुओं की आस्था से जुड़ा है
उन्होंने कहा कि रामजन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर निर्माण कॉरिडोर में व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं होने दिया जायेगा। व्यापारियों को विस्थापित करने के मसले पर विचार के लिए एक समन्वय समिति बनायी जायेगी जिसमें उनकी सलाह ली जायेगी। व्यापारी को जबरर्दस्ती कहीं से भी नहीं हटाया जायेगा। प्रदेश सरकार ने शिक्षा स्वास्थ्य रोजगार के क्षेत्र में अच्छा काम किया है। सरकारी नौकरी में साढ़े चार लाख एवं संविदा पर साढ़े तीन लाख लोगों को रोजगार दिया है। भाजपा ने समग्र विकास के आधार पर विकास किये हैं।
10 मार्च को SP, BSP और कांग्रेस का होगा सफाया
उन्होंने कहा, आज नोएडा में एशिया का सबसे बड़ा डाटा सेन्टर स्थापित है तथा वहीं पर जेवर एयरपोर्ट अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बन रहा है। शर्मा ने कहा कि आजादी के बाद यह ऐसा पहला चुनाव है जब जनता ने जाति, धर्म से ऊपर उठकर भाजपा की सरकार को पुन: बनाने का संकल्प ले लिया है। भाजपा पहले से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनायेगी। दस मार्च को भाजपा की सबसे बड़ी होली होगी और सपा, बसपा और कांग्रेस का पूर्णतया सफाया हो जायेगा।