उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास के कार्य तभी सार्थक होंगे जब प्रदेश में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बेहतर होगी।
हमारी डबल इंजन की सरकार विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है – CM योगी
रामपुर के बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को वर्चुअली संबोधित करते हुये श्री योगी ने बुधवार को कहा कि आज से पांच साल पहले यहां की स्थिति क्या थी। अराजकता चरम पर थी, अव्यवस्था थी, गुंडागर्दी थी। प्रदेश की स्थिति 2017 से पहले ऐसी थी कि विकास की योजनाओं का लाभ इत्र वाले मित्र खा जाते थे। हमारी डबल इंजन की सरकार विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। विकास का जो कार्यक्रम चल रहा है वो अनवरत चलने वाली प्रक्रिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव आएंगे जाएंगे, पर हर बेटी सुरक्षित रहनी चाहिए, हर महिला और हर किसान के प्रदेश में सम्मान मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने गरीबों के विकास तथा उत्थान के लिए, नौजवानों के रोजगार के लिए, महिलाओं की सुरक्षा के लिए और शासन की योजनाओं को हर तबके तक पहुचाने का काम किया है। किसान कल्याण के लिए उठाए गए कदमों को बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने अपने कार्यकाल में 1.59 लाख करोड़ रूपये के गन्ना मूल्य का भुगतान किया।
पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि रामपुर में बसपा सरकार के वक्त मात्र 653 करोड़ रूपये का भुगतान हुआ था, वहीं समाजवादी पार्टी की सरकार के समय केवल 1400 करोड़ रूपये का भुगतान गन्ना किसानों को किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने अकेले रामपुर में 2400 करोड़ रुपए के गन्ना मूल्य का भुगतान गन्ना किसानों को किया था।
2017 में सत्ता में आते ही पहला निर्णय 86 लाख किसानों के 36 हजार करोड़ रुपए के कर्ज माफी का लिया
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने 2017 में सत्ता में आते ही पहला निर्णय 86 लाख किसानों के 36 हजार करोड़ रुपए के कर्ज माफी का लिया। इनमें से रामपुर में 66000 किसानों का कर्ज माफ हुआ था। उन्होंने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि में 2,66,600 किसानों को 6000 रुपए सालाना का लाभ दिया गया। सपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि 2017 से पहले किसानों की उपज सरकार खरीदती नहीं थी। यदि खरीदती भी थी तो बिचौलियों के माध्यम से। वहीं आज सरकार किसानों से सीधे उपज खरीदती है और पैसा सीधे किसानों के खाते में जाता है।
एक करोड़ वृद्धजनों, निराश्रित महिलाओं, दिव्यांगजनों को 12000 रूपये सालाना की पेंशन सुविधा
प्रदेश में भाजपा सरकार एक करोड़ वृद्धजनों, निराश्रित महिलाओं, दिव्यांगजनों को 12000 रूपये सालाना की पेंशन सुविधा दे रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने इससे पहले की सपा सरकार पर तीखा वार करते हुए कहा कि याद कीजिए कैसे उनकी सरकार में पेंशन रोक दी गई थी। वहीं हमारी भाजपा सरकार द्वारा रामपुर में 13,846 दिव्यांगजनों, 52,000 से अधिक विधवा महिलाओ को और 50,158 बुजुर्गों को पेंशन की सुविधा दी जा रही है।
श्री योगी ने कहा कि 15 करोड़ लोगों को प्रदेश में मुफ्त राशन की डबल डोज मिल रही है। अकेले रामपुर में 20 लाख लोग राशन की सुविधा प्राप्त कर रहे हैं। सरकार वर्तमान मे एक करोड़ नौजवानों के मुफ्त टैबलेट और स्मार्टफोन दे रही है। पहले चरण में रामपुर में 200 नौजवानों के स्मार्टफोन बांटे गए।