उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के वजीरगंज इलाके में कोर्ट में गुरुवार को ब्लास्ट हुआ। इस ब्लास्ट में तीन वकील घायल हो गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया । जबरदस्त धमाके बाद कोर्ट परिसर में खलबली मच गई। जानकारी के मुताबिक, कोर्ट परिसर में 3 जिंदा बम मिले। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
इस घटना में कोर्ट में मौजूद कुछ लोगों को मामूली चोट आई है। जानकारी के मुताबिक बम से बार असोसिएशन के एक पदाधिकारी संजीव लोधी पर हमला किया गया था। हालांकि बाल-बाल बच गए। इस ब्लास्ट के पीछे आपसी विवाद को वजह बताया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि बम फटने से वहां अफरा-तफरी मच गई। घटना को लेकर वकीलो में काफी गुस्सा और वह नारेबाजी कर रहे हैं। घटना में चोटिल लोगों को अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना पर वहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं। इस बीच बार संघ के संयुक्त सचिव संजीव लोधी ने कहा कि करीब साढ़े 11 बजे कुछ लोगों ने उनके कार्यालय में बम फेंके जिसमें एक बम फटा जबकि तीन वहीं पड़े मिले।
बम फेंकने के बाद हमलावर फरार हो गए। उन्होंने कहा कि उनकी जान को खतरा है और उन्हें सुरक्षा चाहिए। उन्होंने कहा कि कोर्ट परिसर में अपराधियों का बोलबाला है। पुलिस का कहना है कि अभी उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद अदालत परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। बरामद बम पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं।


Download Android App
Download iOS App



