कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों को धरने पर बैठे महीनों का समय हो चुका है। कोरोना महामारी के बीच भी किसानों का ये आंदोलन खत्म नहीं हुआ है। इस बीच भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों को सरकार कमजोर नहीं समझे और यह आंदोलन अब धीरे-धीरे पूरे देश में फैल रहा है।
टिकैत ने सहारनपुर में पत्रकारों से कहा कि जब तक तीन नए कृषि कानूनों को निरस्त नहीं किया जाता तब तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा, ‘‘किसानों के आंदोलन का निष्कर्ष तो सरकार को निकालना है, हमारा काम तो आंदोलन करना है। सरकार किसानों को कमजोर नहीं समझे। सरकार को इन तीनों कानूनों को वापस लेना होगा।’’
बढ़ते कोरोना केस के बीच टिकैत का ऐलान- पूरे देश मे लग जाए लॉकडाउन, आंदोलन नहीं होगा खत्म
आंदोलन स्थलों को किसानों का घर बताते हुए टिकैत ने कहा कि किसानों ने इन स्थलों पर ही अपने घर बना लिए है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए किसानों का आंदोलन जारी रहेगा।