उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार ‘लल्लू’ ने कहा कि किसानों द्वारा अपने जायज हक के लिए जारी आन्दोलन एवं भारत बंद की व्यापक सफलता से भयभीत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उनकी सरकारें किसान आन्दोलन को बदनाम करने का षड़यंत्र और कुचक्र कर रही हैं।
लल्लू ने शुक्रवार को कहा कि देश के किसानों को एक तरफ आतंकवादी और भारत विरोधी बताया जा रहा है तो आन्दोलन स्थल पर विभिन्न प्रकार के षड़यंत्रों के माध्यम से उसे बदनाम करने की भी कोशिश की जा रही है, जो लोकतांत्रिक, संवैधानिक और राजनैतिक मर्यादा के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि भाजपा चुनिन्दा उद्योगपतियों के दबाव में किसान विरोधी अध्यादेश को वापस लेने के बजाय पूरे देश में किसान विरोधी अभियान चलाने जा रही है, जो सर्वथा अनुचित है। सरकार चैपालों के माध्यम से जनता को गुमराह करना चाहती है, लेकिन प्रदेश की जनता सब-कुछ समझ रही है कि कैसे चंद बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए कांट्रेक्ट फार्मिंग के लिए कानून लाया गया है।
भंडारण की असीमित छूट से आवश्यक वस्तुओं की काला बाजारी बढ़गी और उनके मूल्यों के निर्धारण का अधिकार अलिखित रूप से उद्योगपतियों के हाथ में चला जायेगा। इससे गेहूँ, चावल, दलहन-तिलहन आदि फसलों का मूल्य असीमित रूप से बढ़गा, जिससे देश की गरीब और आम जनता की थाली खाली होती जायेगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में आन्दोलनरत किसान भीषण ठंडी में अपनी जान गंवा रहे हैं और सरकार उनकी मांगों को मानने के बजाय उनके आन्दोलन को बदनाम करने व कुचलने का खेल खेल रही है जो चुनी हुई सरकार के लिए अनैतिक है।