लखनऊ में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी भीषण आग, एक बच्ची समेत 5 की मौत

Summary :

पुलिस सूत्रों ने बताया इंदिरा नगर में मायावती कॉलोनी के पास राम विहार फेज-2 में टी एन सिंह के घर में बनाए गए गैस चूल्हे के गोदाम में देर रात आग लग गई।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इंदिरा नगर क्षेत्र में गैस चुल्हे के गोदाम में हुए भीषण अग्निकांड में एक दम्पति और बच्ची समेत परिवार के पांच सदस्यों की जलने से मृत्यु हो गई। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंदिरा नगर क्षेत्र में मायावती कॉलोनी के पास राम विहार फेज-2 में टी एन सिंह के घर में बनाए गए गैस चूल्हे के गोदाम में देर रात आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की जलकर मृत्यु हो गई है।

Lucknow fire

उन्होंने बताया कि यह हादसा शार्ट सर्किट से हुआ है। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग को आग लगने की सूचना रात करीब पौने तीन बजे मिली। सूचना पर दमकल विभाग और पुलिस ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरु किया। आग पर काबू करने के लिए घटना स्थल पर 12 दमकल की गाड़ियां पहुंची। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है।

पुलिस के अनुसार हादसे के वक्त मकान मालिक टीएन सिंह बाहर गए हुए थे। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान 31 वर्षीय सुमित सिंह, उनकी पत्नी वंदना सिंह और छह माह बच्ची बेबी के अलावा जूली सिंह (48) और 50 वर्षीय डब्लू सिंह के रूप में हुई है।

Desk Team