गाजियाबाद से कांग्रेस के पूर्व सांसद सुरेंद्र प्रकाश गोयल की शुक्रवार सुबह कोरोना वायरस से मौत हो गई। 74 वर्षीय सांसद को कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि के बाद 27 जुलाई को सर गंगा राम अस्पताल में दिल्ली में भर्ती किया गया था। उनके परिवार ने इस बात की जानकारी दी।
सुरेंद्र प्रकाश गोयल के बेटे सुशांत गोयल ने बताया कि उनके पिता ने शुक्रवार सुबह करीब छह बजकर 30 मिनट पर अंतिम सांस ली। गोयल ने अपना राजनीतिक करियर 1970 में शुरू किया था और वह 1973 में गाजियाबाद सिटी बोर्ड के अध्यक्ष चुने गए थे और इसके बाद 1989 में नए गठित नगर निगम के अध्यक्ष बने। वह 2002 में कांग्रेस टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए।
इसके दो साल बाद वह लोक सभा सदस्य बने। उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार रामेश चंद तोमर को हराया था। वह जनता के बीच लोकप्रिय थे। उनकी मौत पर नेताओं और लोगों ने दुख व्यक्त किया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री एवं गाजियाबाद से सासंद जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह ने कांग्रेस नेता के निधन पर शोक व्यक्त किया है।