हनीट्रैप में फंसा कर वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो महिलाओं समेत सात गिरफ्तार

Summary :

उत्तर प्रदेश के नोएडा के थाना फेस -2 पुलिस ने हनीट्रैप में फंसा कर लोगों से अवैध वसूली करने वाले एक गिरोह का भांडाफोड़ करते हुये इसके सात सदस्यों को आज गिरफ्तार किया है, इनमें दो महिलाएं शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश के नोएडा के थाना फेस -2 पुलिस ने हनीट्रैप में फंसा कर लोगों से अवैध वसूली करने वाले एक गिरोह का भांडाफोड़ करते हुये इसके सात सदस्यों को आज गिरफ्तार किया है, इनमें दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । 
पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) हरीश चंदर ने बताया कि 14 जनवरी को मोहम्मद तौसीफ नामक व्यक्ति ने फेस-2 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके भाई नसरत के फोन पर 13 जनवरी को किसी ने फोन कर उसे एफएनजी रोड पर बुलाया। 
उन्होंने बताया कि पीड़ित ने बताया कि 13 जनवरी की रात को उसके फोन पर फोन आया कि नसरत को मुरादनगर में कुछ लोगों ने बंधक बना रखा है और उसके साथ मारपीट कर रहे हैं, तथा किसी महिला के साथ बलात्कार करने के मामले में वीडियो बनाकर 2 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। 
अधिकारी ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने मुरादनगर पहुंच कर बंधक नसरत को मुक्त कराया, तथा उसे बंधक बनाने वाले मतीन, वकील, राशिद, इमरान, अशरफ , तथा दो महिलाएं रोशन एवं शबनम को गिरफ्तार कर लिया । 
अधिकारी ने बताया कि इनके पास से पीड़ित की इनोवा कार, मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल किये गये तीन मोबाइल फोन के अलावा पीड़ित से बदमाशों द्वारा लिया गया 20,000 रुपए बरामद किये गये हैं । 
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि यह गिरोह लोगों को हनी ट्रैप के जाल में फंसाता हैं, तथा उनसे मोटी रकम वसूलता हैं। 

Ujjwal Jain