देश में इन दिनों शादियों का दौर जारी है। इसके साथ ही शादी में आम तौर पर DJ को लेकर होने वाले विवाद की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में डीजे विवाद में हत्या का मामला सामने आया है, जहां शादी की रस्मों के लिए डीजे बजाने से रोकने पर खुशी का माहौल मातम में बदल गया। गोरखपुर के गोरखनाथ इलाके में हुई इस घटना में दुल्हन के चचेरे भाई की हत्या कर दी गई।
घटना का पूरा क्रम वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस फुटेज की मदद से बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है और हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर बालापार के ग्रामीणों ने टिकरिया मार्ग जाम कर दिया और प्रदर्शन किया। पुलिस के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया।
यूपी : नोएडा पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान चार आरोपियों को किया गिरफ्तार, एक अपराधी और दो जवान भी हुए जख्मी
मृतक के पिता हरिश्चंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि वह उसका इकलौता बेटा था, जो आईटीआई में पढ़ता था। जानकारी के अनुसार, शेषनाथ सिंह की बेटी के विवाह समारोह के दौरान जब दुल्हन के चचेरे भाई रोहित सिंह ने आधी रात के बाद डीजे बंद किया तो बारात के कुछ लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। रोहित ने पुलिस को बुलाया, जिन्होंने उन्हें शांत किया।
हालांकि जब रोहित मोटरसाइकिल पर घर जाने के लिए निकला तो कुछ बदमाशों ने उसे घेर लिया और हॉकी स्टिक, रॉड और धारदार हथियारों से पीटना शुरू कर दिया। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रोहित के परिवार ने दावा किया कि हमलावर वही थे जिन्होंने डीजे बंद होने के बाद हंगामा किया था। पुलिस अधीक्षक (एसपी) शहर सोनम कुमार ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में चार लोगों को मृतक की पिटाई करते देखा जा सकता है। दूल्हे के परिवार और स्थानीय लोगों की मदद से हम आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।