उत्तर प्रदेश के बनारस शहर में स्थित ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में रविवार, दूसरे दिन भी सुबह से ही सर्वे काम का शुरू हो गया था। जानकारी के अनुसार तहखाने के बाद अब मस्जिद के ऊपरी ढांचे की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की गई है। वहीं इससे पूर्व शनिवार सर्वे में मिले निशानों के आधार हिन्दू पक्ष अपने दावे को मजबूत बता रहा है।
हिंदू पक्ष ने कही ये बात
हिंदू पक्ष के वकील हरिशंकर जैन ने कहा है कि हमारा दावा और मजबूत हुआ है। हरिशंकर ने बताया कि सर्वे में जो मिल रहा है, वो उनके पक्ष में है। सर्वे सोमवार को भी होगा। आज सुबह 8 से 12 बजे तक 4 घंटे लगातार सर्वे चला। इस दौरान पश्चिमी दीवार, नमाज स्थल व तहखाना के अंदर दोबारा सर्वे किया गया। इसके साथ ही तहखाने के अंदर एक कमरे में मलबा व पानी की वजह से सर्वे की कार्रवाई नहीं हो सकी, जिसके कारण सुबह कल डेढ़ से 2 घंटे के लिए सर्वे कराया जाएगा।
वीडियोग्राफी का काम दूसरे दिन भी जारी
वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद परिसर का सर्वे-वीडियोग्राफी कार्य रविवार को दूसरे दिन भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी रहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मस्जिद समिति की आपत्तियों के बीच पिछले सप्ताह सर्वेक्षण रोक दिया गया था। समिति ने दावा किया था कि सर्वे के लिए अदालत द्वारा नियुक्त अधिवक्ता आयुक्त को परिसर के अंदर वीडियोग्राफी कराने का अधिकार नहीं है।
अदालत के आदेश पर हो रहा है सर्वे
सर्वे स्थल पर पहुंचे वाराणसी के पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने रविवार को कहा कि माननीय अदालत के आदेश के अनुसार आज दूसरे दिन भी ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में सर्वे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आयोग के सदस्य अंदर कार्य कर रहे हैं।
बता दें कि इससे पहले शनिवार को ज्ञानवापी मस्जिद के सर्वे के दौरान तहखाने की दीवारों पर त्रिशूल और स्वास्तिक के निशान दिखे हैं। इनकी बनावट शैली का कोर्ट कमिश्नर व अधिवक्ताओं ने आकलन किया। सूत्रों के अनुसार एक तहखाने में मगरमच्छ का शिल्प देख सभी दंग रह गए। तहखाने में मंदिर शिखर का अवशेष भरा होने के कारण सर्वे में दिक्कत भी आई।