उत्तर प्रदेश के हाथरस में युवती के साथ अमानवीय कृत्य को लेकर पीड़ित परिवार और आरोपियों से मिलने के लिए राजनीतिक पार्टियों में होड़ लगी हुई है। इस बीच रविवार को भाजपा सांसद राजवीर सिंह दिलेर आरोपियों से मिलने जेल गए थे, लेकिन जेलर के कमरे से ही उन्हें बैरंग लौटा दिया गया है। मिली जानकरी के अनुसार जेल प्रशासन ने उन्हें आरोपियों से मिलने की अनुमति नहीं दी।
इससे पहले भाजपा के पूर्व विधायक राजवीर सिंह पहलवान के आवास पर रविवार को महापंचायत का आयोजन किया। इसके मद्देनजर वहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। यह महापंचायत कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा के यहां आकर पीड़िता के परिवार से मुलाकात करने के एक दिन बाद बुलाई गई है।
महापंचायत के आयोजक मनवीर सिंह ने रविवार को यहां संवाददाताओं से कहा, “घटना के मामले में गिरफ्तार किए गए दो लोग दरअसल अपने घर से पकड़े गये। अगर वे दोषी होते तो कहीं छुप गए होते। वे अपने घर पर नहीं मिलते। इस मामले में आरोपियों को जानबूझकर फंसाया गया है। उनके लिए इंसाफ मांगना हमारा संवैधानिक अधिकार है।”
गौरतलब है कि हाथरस जिले के चंदपा थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में गत 14 सितंबर को एक दलित लड़की से कथित रूप से सामूहिक बलात्कार और मारपीट की गई थी। इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुई लड़की की गत मंगलवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में गांव के ही रहने वाले अगड़ी जाति के चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है। राज्य सरकार ने मामले की एसआईटी से जांच कराई है। शनिवार शाम उसने घटना की सीबीआई से जांच कराने की सिफारिश कर दी।


Download Android App
Download iOS App



