गाजियाबाद के विजयनगर इलाके में अज्ञात बदमाशों के गोली मारने से घायल पत्रकार विक्रम जोशी की बुधवार तड़के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। जोशी को सोमवार को विजयनगर क्षेत्र में बदमाशों ने गोली मार दी थी। वह गाजियाबाद के नेहरू नगर स्थित यशोदा अस्पताल में भर्ती थे, जहां आज तड़के उनकी मृत्यु हो गई।
उन्होंने भांजी से छेड़छाड़ करने वाले युवकों की पुलिस में शिकायत की थी। जोशी को जब गोली मारी गई उस समय वह अपनी दो बेटियों के साथ मोकरसाइकिल पर थे। गोली मारने की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इस मामले में पुलिस नौ ल़ोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। शिकायत के बाद कार्रवाई नहीं करने पर चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच क्षेत्राधिकारी प्रथम कर रहे हैं।
बता दें कि स्थानीय अखबार में काम करने वाले विक्रम जोशी ने अपनी भांजी का उत्पीड़न करने के आरोप में कुछ लोगों के खिलाफ 16 जुलाई को विजय नगर पुलिस चौकी में एक शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद यह हमला हुआ है।
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे जोशी अपनी दो बेटियों के साथ बाइक से विजय नगर स्थित घर लौट रहे थे, रास्ते में आधा दर्जन से ज्यादा हथियारबंद लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। उन्होंने बताया कि एक आरोपी ने पत्रकार के सिर में गोली मार दी और मौके से भाग गए। जोशी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक थी।